केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का देवघर एम्स दौरा, इमरजेंसी सेवाओं और विकास कार्यों का लिया जायजा

  • Post By Admin on Dec 07 2025
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का देवघर एम्स दौरा, इमरजेंसी सेवाओं और विकास कार्यों का लिया जायजा

देवघर : दो दिवसीय झारखंड प्रवास पर पहुंचे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को देवघर एम्स का विस्तृत निरीक्षण किया। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, नड्डा ने अस्पताल में चल रही क्लिनिकल और संस्थागत गतिविधियों की समीक्षा करते हुए इमरजेंसी विभाग, 20-बेड ऑब्जर्वेशन वार्ड और इमरजेंसी ओटी का आकलन किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ऑर्थोपेडिक्स वार्ड में मरीजों से बातचीत की ताकि उनके स्वास्थ्य-देखभाल अनुभव को समझा जा सके। एम्स देवघर के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर व सीईओ डॉ. नितिन गंगाने ने संस्थान की प्रगति, सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। इसके बाद मंत्री ने मुख्य संचालन तथा विकास प्राथमिकताओं पर अधिकारियों के साथ बैठक की।

जेपी नड्डा ने कहा कि देवघर एम्स तेजी से विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित हो रहा है, जिससे क्षेत्रीय असमानता घट रही है और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं लोगों तक पहुंच रही हैं। उन्होंने भविष्य में चिकित्सा अनुसंधान और प्रशिक्षण को सशक्त बनाने पर भी बल दिया।

इसके बाद नड्डा देवघर में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए। सम्मेलन में उन्होंने झारखंड की हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देकर आदिवासी समाज सहित झारखंड के लोगों के अधिकारों का हनन किया है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता वादाखिलाफी और भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट है।

नड्डा ने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने और मोदी सरकार की उपलब्धियों व नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी झारखंड की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय संसाधनों पर निवासियों के अधिकार सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।