अंतर्राष्ट्रीय मित्रता दिवस पर पर्यावरण भारती द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित
- Post By Admin on Jul 30 2024

लखीसराय : अंतर्राष्ट्रीय मित्रता दिवस के अवसर पर पर्यावरण भारती ने एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति के लिए वरदान हैं। स्वच्छता बनाए रखने में इनका महत्वपूर्ण योगदान है। वृक्ष दिन के समय प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया के माध्यम से वायुमंडल से कार्बन डाई ऑक्साइड (CO2) गैस अवशोषित कर प्रदूषण पर नियंत्रण करते हैं।
श्री शाण्डिल्य ने पेड़ों की अंधाधुंध कटाई के प्रति चिंता व्यक्त की, जिससे डायनासोर जैसे कई जीव-जन्तु समाप्त हो चुके हैं। उन्होंने ग्लोबल वार्मिंग के गंभीर प्रभावों का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि तापमान 60°C तक पहुँच गया तो संसार से मानव जाति समाप्त हो जाएगी और सारा विज्ञान असफल हो जाएगा। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि भविष्य की सुरक्षा हेतु प्रकृति की ओर लौटें और अपने घरों के आसपास कम से कम 10 पेड़ लगाएँ और 5 वर्षों तक उनकी देखभाल करें।
श्री शाण्डिल्य ने बताया कि 30 जुलाई को संपूर्ण विश्व में अंतर्राष्ट्रीय मित्रता दिवस मनाया जाता है, जिसकी घोषणा संयुक्त राष्ट्र ने 2011 में की थी। भारत में राष्ट्रीय मित्रता दिवस 4 अगस्त को मनाया जाता है। उन्होंने महाभारत काल में कृष्ण-सुदामा की मित्रता को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि भारत और रूस की मित्रता विश्व प्रसिद्ध है।
उन्होंने कहा, "दोस्ती दुनिया का सबसे प्यारा और मजबूत संबंध है, जिसे निभाना होता है। इसलिए कहा गया है, 'व्यवहारेण मित्राणि जायन्ते।' अर्थात व्यवहार से ही मित्र या शत्रु बनते हैं। मित्रता धन-दौलत से नहीं, बल्कि हृदय से होती है। आपसी प्रेम और विश्वास से ही सच्ची मित्रता संभव है। ऐसे सुअवसर पर पौधारोपण एक स्मरणीय कार्य है।"
इस अवसर पर पौधारोपण कार्यक्रम में श्रीमती भावना मिश्र, चन्द्र मणि झा, शिवांश झा, सन्नी चौहान, प्रशांत कुमार, नीरज नयन, संजीव कुमार सिंह, मोहन सिंह, और राजीव नयन सिंह (बलमा बिहारी) सहित अन्य लोगों ने सक्रिय भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित करना और समाज को पौधारोपण के प्रति जागरूक करना था। पर्यावरण भारती ने इस पहल के माध्यम से लोगों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।