अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यानंद शर्मा महाविद्यालय में महिलाओं के बलिदान को किया गया याद
- Post By Admin on Mar 08 2025

लखीसराय : जिला मुख्यालय स्थित कार्यानंद शर्मा स्मारक महाविद्यालय में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता स्नातकोत्तर दर्शनशास्त्र विभाग के समन्वयक डॉ. अमित कुमार ने की, जिन्होंने महिलाओं के योगदान और उनके सम्मान के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हम महिलाओं के ऋणी हैं और उनका समाज में सम्मान मिलना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। स्वस्थ और समृद्ध मानव समाज की कल्पना महिला के योगदान के बिना अधूरी है।
कार्यक्रम में डॉ. मो. अनवर इकबाल ने वैदिक काल में महिलाओं की स्थिति और उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. मो. आजम अयूबी ने महिलाओं के सशक्तिकरण की भूमिका पर विचार व्यक्त किए। डॉ. शुभाशीष राय ने महिलाओं के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान को साझा किया और बताया कि महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
डॉ. साकेत रवि ने ऐतिहासिक दृष्टिकोण से महिलाओं की स्थिति का वर्णन करते हुए बताया कि किस तरह महिलाओं ने अपने सम्मान की रक्षा के लिए जौहर प्रथा को अपनाया और बलिदान दिया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता अमित किशोर ने संवैधानिक रूप से महिलाओं को दिए गए अधिकारों और उनकी सुरक्षा पर विस्तार से चर्चा की। संतोष कुमार ने सरकार द्वारा चलाए जा रहे महिलाओं के कल्याणकारी योजनाओं के विषय में तथ्य और आंकड़ों के साथ जानकारी दी।
महाविद्यालय की डॉ. दीप्ति पांडे ने महिलाओं की स्थिति पर कविता के माध्यम से अपनी बात रखी, जबकि शिवांगी गुप्ता ने आज की महिलाओं की शक्ति और सफलता पर चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान मनोविज्ञान विभाग की स्मृति कुमारी और अन्य छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक का मंचन किया, जिसमें समरीन, मानसी, निधि, प्राची, अमन, विश्वजीत, नोशी, बिंदिया, दीपा, मुस्कान, कंचन और अंजली ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।