दिव्यांग सशक्तिकरण को बल : 30 लोगों के बीच निःशुल्क कृत्रिम अंगों का वितरण
- Post By Admin on Jan 08 2026
लखीसराय : जिला प्रशासन, लखीसराय एवं भारत विकास तथा संजय आनंद दिव्यांग अस्पताल सह रिसर्च सेंटर के संयुक्त तत्वाधान में गुरुवार को हाथ-पैर से लाचार दिव्यांगजनों के बीच निःशुल्क कृत्रिम अंगों का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और उनके जीवन स्तर में सुधार की दिशा में एक संवेदनशील और सराहनीय पहल के रूप में सामने आया।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि जिला प्रशासन समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि 2 जनवरी 2026 को आयोजित विशेष शिविर में कुल 91 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया था। चिकित्सीय परीक्षण और मूल्यांकन के बाद 55 दिव्यांगजन कृत्रिम अंग प्राप्त करने के लिए योग्य पाए गए। प्रथम चरण में इनमें से 30 दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम हाथ-पैर उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि शेष लाभार्थियों को शीघ्र ही कृत्रिम अंग प्रदान किए जाएंगे।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना, उनका आत्मसम्मान लौटाना और उनकी कार्यक्षमता को पुनः बहाल करना है, ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर परिवार और देश की प्रगति में योगदान दे सकें। उन्होंने इस अभियान में सहयोग के लिए भारत विकास एवं संजय आनंद दिव्यांग अस्पताल सह रिसर्च सेंटर की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, श्रीमती बंदना पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर पद्मश्री विमल जैन (महासचिव), डॉ. एस. एस. झा (वरिष्ठ सर्जन), विवेक माथुर (मैनेजिंग ट्रस्टी), अमर कसेरा, संजय ड्रोलिया, रोहित कुमार सहित कई ट्रस्टी और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, जिला समन्वयक एनएनएम कन्हैया कुमार, जिला परियोजना सहायक सौरव कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी और दर्जनों दिव्यांगजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कृत्रिम अंग प्राप्त करने वाले दिव्यांगजनों के चेहरे पर आत्मविश्वास और खुशी साफ झलक रही थी। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने उम्मीद जताई कि ऐसे प्रयासों से दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बनेंगे और सम्मानजनक जीवन जी सकेंगे। जिला प्रशासन ने भविष्य में भी इस तरह के कल्याणकारी कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।