सीतामढ़ी के रीगा चीनी मिल का होगा पुनरुद्धार

  • Post By Admin on Dec 27 2024
सीतामढ़ी के रीगा चीनी मिल का होगा पुनरुद्धार

सीतामढ़ी : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के तीसरे दिन बीते गुरुवार को जिले में विकास कार्यों की झड़ी लगा दी। रीगा चीनी मिल के पुनरुद्धार कार्य का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने गन्ना बंडल डालकर सीजन 2024-25 की प्रक्रिया शुरू की।

इस मौके पर उन्होंने चीनी मिल के संचालन कार्यों की विस्तार से जानकारी ली और परिसर का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने इसके बाद डुमरा प्रखंड के मनियारी गांव का दौरा किया। जहां 236 करोड़ 60 लाख रुपये की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। इनमें 141 करोड़ 12 लाख की योजनाओं का उद्घाटन और 95 करोड़ 47 लाख की योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मनियारी में मुख्यमंत्री ने जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत विकसित सतुआही पोखर, नौका विहार, योग सह ध्यान केंद्र, खुला व्यायामशाला और बाल क्रीड़ा स्थल का उद्घाटन किया। उन्होंने तालाब के निरीक्षण के दौरान इसे और अधिक आकर्षक और सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए 

 इस दौरान उन्होंने दो हंसों को तालाब में छोड़ा और अभियान का प्रतीक गुब्बारा उड़ाया। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों को 36 करोड़ 57 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया और उनके उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा, "जीविका ने 2006 से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है। आपके कार्यों की प्रशंसा केंद्र सरकार ने भी की है और इसे पूरे देश में लागू किया गया।" मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत मनिहारी के नए पंचायत सरकार भवन का उद्घाटन किया और विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया।

कन्या उत्थान योजना, ई-रिक्शा वितरण, आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक प्रदान किए। रीगा चीनी मिल के पुनरुद्धार से स्थानीय किसानों और मजदूरों में उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री ने इसे सीतामढ़ी के विकास की दिशा में अहम कदम बताया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, सांसद देवेश चंद्र ठाकुर और लवली आनंद, विधायक चेतन आनंद, पंकज मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।