अयोध्या : भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर चमकाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से सटे सरयू रिवरफ्रंट परियोजना को तेजी से आकार दिया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को अब सरयू दर्शन और मंदिर यात्रा का एकीकृत अनुभव मिलेगा। यह रिवरफ्रंट परियोजना अयोध्या की धार्मिक गरिमा के साथ-साथ पर्यटन सुविधाओं को भी नई ऊंचाई देने जा रही है।
पर्यटन विभाग इस महत्वाकांक्षी योजना पर करीब 23.46 करोड़ रुपए खर्च कर रहा है। सरयू नदी के तट पर विकसित हो रहा यह रिवरफ्रंट, न केवल नदी किनारे सौंदर्य को बढ़ाएगा, बल्कि योग, ध्यान, और आराधना जैसे आध्यात्मिक अनुभवों को भी सहज बनाएगा।
तेजी से पूरा हो रहा निर्माण कार्य
परियोजना के तहत घाट की सीढ़ियों पर पत्थर लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि 9 भव्य छतरियों के निर्माण हेतु फाउंडेशन का कार्य प्रगति पर है। साथ ही 24 इंटरप्रिटेशन वाल, शिलालेख, साइनेज और सौंदर्यीकरण से जुड़े कई कार्य तेज गति से पूरे किए जा रहे हैं।
अयोध्या के जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि रिवरफ्रंट का कार्य तय समयसीमा में पूरा किया जा रहा है और जल्द ही इसे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके अलावा बैठने की आधुनिक सुविधाएं, छायादार स्थल और आकर्षक वॉकिंग ट्रैक इस स्थल को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाएंगे।
पर्यटन और रोजगार दोनों को मिलेगा बढ़ावा
सरयू रिवरफ्रंट केवल एक धार्मिक स्थल के रूप में नहीं, बल्कि रोजगार और स्थानीय विकास का माध्यम भी बनेगा। परियोजना से स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। साथ ही अयोध्या में होटल, गेस्ट हाउस, और परिवहन जैसे पर्यटन अवसंरचनाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।
अयोध्या के कायाकल्प की दिशा में मजबूत कदम
राम मंदिर निर्माण के साथ ही अयोध्या में चौड़ी सड़कों, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, और आधुनिक रेलवे स्टेशन जैसे आधारभूत ढांचों का निर्माण भी तेज़ी से हो रहा है। सरयू रिवरफ्रंट इस समग्र विकास का प्रतीक बनकर उभर रहा है, जो श्रद्धालुओं के लिए न केवल एक आध्यात्मिक स्थल होगा, बल्कि अयोध्या को एक विश्व स्तरीय धार्मिक-पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।
























