आज से 5 साल पहले स्कूल में उगाए गए थे लाल चंदन के पौधे, अब लाखों में हैं इसकी कीमत
- Post By Admin on Apr 04 2025

छतरपुर: छतरपुर जिले के शासकीय मॉडल स्कूल लवकुश नगर में 5 साल पहले बच्चों को दिखाने के लिए लाल चंदन का पौधा लगाया गया था। हालांकि, यह पौधा बाहर से मंगवाया गया था और शुरुआत में किसी को उम्मीद नहीं थी कि यहां की जलवायु और मिट्टी में भी लाल चंदन तैयार हो सकेगा। लेकिन स्कूल के स्टाफ और बच्चों की मेहनत से यह पौधा अब पूरी तरह से विकसित हो चुका है और उसकी कीमत लाखों में पहुंच गई है।
बॉटनी के शिक्षक देव सिंह अहिरवार बताते हैं कि इस पौधे को बच्चों को लाल चंदन के बारे में सिखाने और दिखाने के उद्देश्य से लगाया गया था। शुरुआत में किसी को यह उम्मीद नहीं थी कि यह पौधा यहां सफल होगा, क्योंकि छतरपुर की जलवायु लाल चंदन के लिए अनुकूल नहीं मानी जाती थी। लेकिन स्कूल स्टाफ और बच्चों ने इसे रोजाना ध्यान से देखा, निराई-गुड़ाई की और पौधों को नियमित पानी दिया, जिससे पौधा धीरे-धीरे बढ़ता गया।
शिक्षक का कहना है कि शुरुआत में उन्हें लगा था कि यहां लाल चंदन का पेड़ उगाना संभव नहीं है, लेकिन बच्चों की निरंतर मेहनत और देखभाल से यह पौधा अब आकार ले चुका है। वर्तमान में यह पौधा 5 साल का हो चुका है, और इसे पूरी तरह से विकसित होने में 12 साल का समय लगेगा। एक बार यह पूरा विकसित हो जाने के बाद इसकी कीमत लाखों में हो सकती है।