लंगट सिंह महाविद्यालय में सुविधाओं की मांग तेज, छात्रों ने शुरू किया हस्ताक्षर अभियान
- Post By Admin on Feb 26 2026
मुजफ्फरपुर: लंगट सिंह महाविद्यालय में मूलभूत शैक्षणिक सुविधाओं की मांग को लेकर छात्रों का असंतोष एक बार फिर मुखर हो उठा। छात्र-छात्राओं ने वर्षों से लंबित समस्याओं—लैब की समुचित व्यवस्था, समृद्ध लाइब्रेरी, छात्रावास सुविधा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था और अन्य अकादमिक संसाधनों—को लेकर हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की।
छात्रों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से ज्ञापन, वार्ता और शांतिपूर्ण आंदोलन के माध्यम से अपनी मांगें महाविद्यालय प्रशासन के समक्ष रखते रहे हैं, लेकिन प्राचार्य स्तर पर ठोस पहल नहीं हो सकी। छात्रों के अनुसार बार-बार टाल-मटोल से कैंपस में असंतोष की स्थिति बनी हुई है। इसी क्रम में आज सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य के रवैये के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाया। अभियान के दौरान प्रशासनिक स्तर पर अवरोध उत्पन्न होने के आरोप भी सामने आए। छात्रों का आरोप है कि हस्ताक्षर अभियान को बाधित करने का प्रयास किया गया।
छात्र प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि वे अपने अधिकारों और शैक्षणिक सुविधाओं के लिए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन जारी रखेंगे। अभियान में प्रमुख रूप से सुशांत सिंह, दीपेश कुमार, निखिल राज, नवनीत कुमार, आदित्य, केशर और नीतू सहित अन्य छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही। महाविद्यालय प्रशासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा है।