ग्रामीण अर्थव्यवस्था को रफ्तार: यूको बैंक ने एसएचजी को दी 90 करोड़ रुपए की सौगात

  • Post By Admin on Feb 26 2026
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को रफ्तार: यूको बैंक ने एसएचजी को दी 90 करोड़ रुपए की सौगात

मुजफ्फरपुर : यूको बैंक के पटना अंचल के तत्वावधान में मुजफ्फरपुर में ‘एसएचजी वित्तीय सशक्तिकरण कार्यक्रम’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाना और उन्हें बैंकिंग प्रणाली से सीधे जोड़ना रहा।

इस अवसर पर यूको बैंक प्रधान कार्यालय से मुख्य अतिथि के रूप में कार्यपालक निदेशक श्री विजय कुमार एन. कांबले उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंच पर पटना अंचल के अंचल प्रबंधक श्री मोतीलाल बानो, जीविका से डीपीएम सुश्री अनीषा जी एवं एसपीएम श्री मनीष कुमार भी विशेष रूप से मौजूद थे।

कार्यक्रम के दौरान वित्तीय समावेशन की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए जीविका से जुड़े विभिन्न स्वयं सहायता समूहों (SHGs) के लिए कुल 90 करोड़ रुपए की ऋण राशि स्वीकृत की गई। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक ने जीविका अधिकारियों को स्वीकृत ऋण का चेक सौंपा।

चौथे लिंकेज के तहत प्रत्येक लाभार्थी एसएचजी को 10 लाख रुपए का चेक प्रदान किया गया। साथ ही कई उद्यमियों को व्यक्तिगत ऋण की स्वीकृति देते हुए चेक वितरित किए गए।

अपने संबोधन में श्री कांबले ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है और यह ऋण राशि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित बैंक अधिकारियों ने लाभार्थियों को निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।