एल्विश यादव फायरिंग और मनीषा हत्याकांड पर बोले मनोहर लाल दोषियों को बक्शा नहीं जाएगा
- Post By Admin on Aug 17 2025
.jpg)
करनाल : हरियाणा की कानून-व्यवस्था को लेकर इन दिनों सियासत गरमाई हुई है। गुरुग्राम में यूट्यूबर एल्विश यादव के घर के बाहर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग और भिवानी में महिला शिक्षिका मनीषा की निर्मम हत्या ने प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर है, वहीं सत्ता पक्ष विपक्ष के आरोपों का जवाब दे रहा है।
इसी क्रम में रविवार को करनाल पहुंचे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने दोनों घटनाओं पर खुलकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कानून के दायरे में रहते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एल्विश यादव के घर के बाहर हुई फायरिंग को लेकर उन्होंने कहा, “मैं किसी व्यक्ति विशेष पर टिप्पणी नहीं करूंगा, लेकिन इस मामले की गहराई से जांच हो रही है। आपको एल्विश के बारे में सब कुछ मालूम है। पुलिस यह पता लगाएगी कि गोलियां क्यों चलाई गईं। अगर कोई दोषी पाया गया तो उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”
भिवानी में शिक्षिका मनीषा की हत्या पर उन्होंने कहा कि पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है और सरकार भी अपनी ओर से आवश्यक कदम उठा रही है। “जैसे ही दोषी पकड़े जाएंगे, पूरा सच सामने आ जाएगा।”
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के बयान—“हरियाणा की सरकार दिल्ली से चलाई जा रही है”—पर मनोहर लाल ने पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है। “दिल्ली में पीएम मोदी सरकार चला रहे हैं और हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार है। मेरा जो दायित्व है, चाहे केंद्र स्तर पर हो या प्रदेश स्तर पर, मैं पूरा निभा रहा हूं। कांग्रेस हमेशा झूठ फैलाती है, लेकिन जनता सब जानती है।”
उन्होंने आगे कहा कि हरियाणा की जनता उनके साथ हमेशा खड़ी रही है। “शनिवार को मैं पानीपत में था, आज करनाल में हूं और अब दिल्ली जा रहा हूं। कांग्रेस की यह आदत रही है कि वह लोगों को गुमराह करती है, लेकिन जनता सच्चाई समझती है।”