हरियाणा पुलिस का ऑपरेशन ट्रैकडाउन, 11 दिन में 3000 से अधिक अपराधी गिरफ्तार

  • Post By Admin on Nov 17 2025
हरियाणा पुलिस का ऑपरेशन ट्रैकडाउन, 11 दिन में 3000 से अधिक अपराधी गिरफ्तार

चंडीगढ़ : हरियाणा पुलिस द्वारा संगठित अपराध पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष राज्यव्यापी अभियान ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ ने रिकॉर्ड तोड़ सफलता हासिल की है। 5 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान के 11वें दिन तक पुलिस ने 3000 से अधिक अपराधियों को कानून के शिकंजे में कसते हुए प्रदेशभर में अपराधियों में खौफ पैदा कर दिया है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, अब तक कुल 3172 अपराधियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें 610 गंभीर और संगीन मामलों के आरोपी शामिल हैं।

अभियान के 11वें दिन ही विभिन्न अपराधों में लिप्त 96 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। आईजी राकेश आर्य के अनुसार, सिर्फ 15 नवंबर को ही हत्या के 7 मामलों में 8 गिरफ्तारी, हत्या के प्रयास के 23 मामलों में 29 गिरफ्तारी और अवैध हथियार रखने के 22 मामलों में 27 गिरफ्तारियां की गईं। इस प्रकार 54 गंभीर मामलों में कुल 67 अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा गया।

अपराध उन्मूलन के लिए पुलिस की आक्रामक रणनीति का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि 15 नवंबर को ही 19 अपराधियों की हिस्ट्री शीट खोली गई, जबकि ऑपरेशन के दौरान अब तक यह संख्या 150 तक पहुंच चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान हरियाणा को अपराध मुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा और प्रभावी कदम है।

करनाल पुलिस की दो बड़ी कामयाबियां

अभियान के तहत करनाल पुलिस ने सोमवार को दो अलग-अलग मामलों में चार वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया।

पहली कार्रवाई लूटपाट और छीना-झपटी के मामले में हुई, जिसमें पुलिस ने आरोपी योगेश (निवासी नौरथा, इंद्री) को पकड़ा। योगेश पर लूट सहित कई संगीन मामलों में आठ मुकदमे पहले से दर्ज थे। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

दूसरी बड़ी कार्रवाई घरौंडा क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना से जुड़ी थी। यहां थाने की टीम ने तीन वांछित आरोपियों—जितेंद्र, सचिन उर्फ रिकी और दीपक—को गिरफ्तार किया। यह आरोपी 13 अक्टूबर को सीएनजी पेट्रोल पंप कर्मचारी पर मामूली तकरार के बाद फायरिंग कर फरार हो गए थे। जितेंद्र पर हत्या के प्रयास और दंगा सहित कई आपराधिक केस पहले से दर्ज हैं। पूछताछ के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया है।

हरियाणा पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ आगे भी जारी रहेगा और संगठित अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।