सीतामढ़ी में 19 से 24 दिसंबर तक जनता की शिकायतों का होगा निवारण

  • Post By Admin on Dec 18 2024
सीतामढ़ी में 19 से 24 दिसंबर तक जनता की शिकायतों का होगा निवारण

सीतामढ़ी : केंद्र सरकार द्वारा आगामी 19 से 24 दिसंबर तक आयोजित किए जा रहे सुशासन सप्ताह के तहत “प्रशासन गांव की ओर” अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य जनता की शिकायतों का त्वरित निवारण और सेवा वितरण में सुधार करना है। जिले में इस दौरान विशेष शिकायत निवारण कैंप लगाए जाएंगे। जिनमें आम जनता की शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया जाएगा।

जिला प्रशासन द्वारा अभियान के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। यह अभियान जिला, अनुमंडल, प्रखंड और पंचायत स्तर पर आयोजित होगा। जिससे नागरिकों को स्थानीय स्तर पर अपनी शिकायतों का समाधान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। आगामी 19 दिसंबर से 24 दिसंबर तक प्रत्येक स्तर पर आयोजित किए जाने वाले इन कैंपों में सरकारी सेवाओं के वितरण से संबंधित शिकायतों, विकास कार्यों और अन्य मुद्दों पर लोगों से सीधे संवाद किया जाएगा।

आगामी 23 दिसंबर को स्थानीय परिचर्चा भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें जिला प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी जनता से बातचीत करेंगे और उनके मुद्दों का समाधान करेंगे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पारदर्शिता, जवाबदेही और नागरिक संतुष्टि को बढ़ावा देना है ताकि सार्वजनिक सेवाओं के वितरण में दक्षता और प्रभावशीलता को सुनिश्चित किया जा सके। 

इस अभियान के जरिए प्रशासन लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती से लागू करने का प्रयास करेगा और प्रशासनिक व्यवस्था में लोगों के विश्वास को और बढ़ाएगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस दौरान आयोजित किए जाने वाले कैंपों में अपनी शिकायतें दर्ज कराकर तत्काल समाधान प्राप्त करें।