डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन के बीच प्रदर्शन, छात्रों की गिरफ्तारी पर बवाल

  • Post By Admin on Dec 16 2024
डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन के बीच प्रदर्शन, छात्रों की गिरफ्तारी पर बवाल

रांची : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) के नामकुम स्थित चाय बागान कार्यालय में सीजीएल अभ्यर्थियों का डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन जारी है। दूसरी ओर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और कई प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें झारखंड लोक कल्याण मंच (जेएलकेएम) के नेता देवेन्द्र महतो भी शामिल हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने छात्रों की गिरफ्तारी को "तुगलकी फरमान" करार देते हुए राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक विरोध की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है।

मरांडी ने एसएससी-सीजीएल परीक्षा में धांधली का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, "पहले झूठे आश्वासन देकर छात्रों को गुमराह किया गया और अब उनकी आवाज को कुचलने के लिए गिरफ्तारी का आदेश दिया गया है।"

बाबूलाल मरांडी ने इस मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को छात्रों की गिरफ्तारी का आदेश तुरंत वापस लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि झारखंड का युवा अन्याय और दमनकारी नीतियों का सख्त जवाब देना जानता है।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की है। उनका आरोप है कि परीक्षा में धांधली हुई है और राज्य सरकार उनकी शिकायतों को नजरअंदाज कर रही है।

पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। हालांकि, छात्रों का आंदोलन जारी है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं वे आंदोलन बंद नहीं करेंगे।