राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर किलकारी में सजी विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी, बच्चों में जगी वैज्ञानिक चेतना

  • Post By Admin on Feb 28 2026
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर किलकारी में सजी विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी, बच्चों में जगी वैज्ञानिक चेतना

मुजफ्फरपुर: राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर किलकारी बिहार बाल भवन, पानी टंकी चौक स्थित जिला स्कूल छात्रावास परिसर में विज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्यशाला, मॉडल प्रदर्शनी और क्रियात्मक वैज्ञानिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सुजीत कुमार दास, प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक पूनम कुमारी तथा उमाकानन (उत्सुक कदम फाउंडेशन) द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक पूनम कुमारी ने बताया कि 28 फरवरी को देशभर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन महान वैज्ञानिक डॉ. सी. वी. रमन ने ‘रमन प्रभाव’ की खोज की घोषणा की थी। इस खोज के लिए उन्हें वर्ष 1930 में भौतिकी का नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया था। रमन प्रभाव ने भारतीय विज्ञान को वैश्विक पहचान दिलाई और नई पीढ़ी को वैज्ञानिक सोच की ओर प्रेरित किया। कार्यशाला में क्रियात्मक वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया। उत्सुक कदम फाउंडेशन से जुड़े उमाकानन और उनकी 35 सदस्यीय टीम ने बच्चों और महिलाओं के साथ साधनसेवी के रूप में सक्रिय सहयोग किया। कार्यक्रम में हरिसभा मध्य विद्यालय, रमेश रानी उच्च विद्यालय, राजकीय मध्य विद्यालय मिठनपुरा, हरिहर नारायण कन्या मध्य विद्यालय, राजकीय मध्य विद्यालय नया टोला, राजकीय आदर्श मध्य विद्यालय कल्याणी, एमएसकेबी मिडिल स्कूल, एमएसकेबी हाई स्कूल, मारुति इंटरनेशनल स्कूल, राधा कृष्ण केडिया, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बालिका उच्च विद्यालय राजवाड़ा, राजकीय मध्य विद्यालय नई बाजार, +2 अंबेडकर हाई स्कूल, मारवाड़ी हाई स्कूल, राजकीय तुलसी मध्य विद्यालय, चंदवारा मध्य विद्यालय (हिंदी एवं उर्दू), जिला स्कूल, राजकीय मध्य विद्यालय मरवारी तथा विश्व भारती अकादमी सहित कई विद्यालयों के विद्यार्थियों ने आकर्षक विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। सूत्रधार, खगौल (पटना) के कलाकारों ने संजय यादव के नेतृत्व में नुक्कड़ नाटक का मंचन कर वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। कलाकारों ने स्वच्छ एवं पारंपरिक तरीके से होली मनाने का संदेश देते हुए होलिका दहन में प्लास्टिक, मोबिल, किरोसीन, रबर, टायर और थर्मोकोल जैसे प्रदूषणकारी पदार्थों के उपयोग से बचने की अपील की। नुक्कड़ नाटक में संजय कुमार यादव, कुमकुम भारती, महावीर साह, सुनील कुमार, महेश्वर पासवान और प्रमिला देवी ने अपने प्रभावी अभिनय से लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम का मंच संचालन इंद्रजीत कुमार और वैभव राज ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी रश्मि आनंद ने किया।

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने बच्चों और युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी सजगता का संदेश दिया।