महिलाओं की हर संभव मदद को तत्पर है वन स्टॉप सेन्टर
- Post By Admin on Mar 07 2024
.jpg)
लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम के निर्देशानुसार जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ विमेन के तहत सखी वार्ता का आयोजन प्रखंड विकास पदाधिकारी हलसी की अध्यक्षता में अम्बेडकर भवन हलसी में किया गया। मौके पर लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार, जिला प्रबंधक सक्षम, प्रखंड समन्वयक कन्हैया कुमार, प्रखंड परियोजना प्रबंधक, सभी महिला पर्यवेक्षिका, आंगनबाड़ी सेविका एवं जीविका दीदी मौजूद रहे।
सर्वप्रथम जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ विमेन के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि महिला एवं किशोरी को सशक्त करने के लिए जिला हब कार्यालय जिला मुख्यालय में कार्य कर रहा है। यदि कोई हिंसा से पीड़ित महिला या किशोरी को किसी भी तरह की मदद की आवश्यकता है तो वे जिला हब कार्यालय आकर अपनी समस्या दर्ज करा सकती हैं। जिसे संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर कार्यवाही की जाएगी। सखी वार्ता का मुख्य उद्देश्य महिला या किशोरी से संबंधित समस्या को बाहर निकालना एवं उस पर पहल कर निदान दिलाना है।
जिला परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार सिन्हा ने बताया कि महिला एवं बाल विकास निगम के द्वारा मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना एवं मिशन शक्ति योजना संचालित है जो महिला के सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है। जिसके अंतर्गत जिला हब कार्यालय महिलाओं के बीच एक कड़ी का कार्य करता है जो विभाग एवं महिला और किशोरी को जोड़ने का कार्य कर रहा है। केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी ने बताया कि हिंसा से पीड़ित कोई भी महिला या किशोरी वन स्टॉप सेंटर पर आकर या 181 टॉल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं जिसे हमलोग उसे दूर करते हैं। वन स्टॉप सेंटर में एक ही छत के नीचे कई प्रकार की सुविधा उपलब्ध है जैसे चिकित्सीय सहायता, कानूनी व मनोसामाजिक परामर्श, एफआईआर डीआईआर में सहयोग किया जाता है। बाल विकास परियोजना पदाधिकारी कुमारी मुक्ता ने कहा कि महिला के उत्थान के लिए सरकार इतना सजग है की आपके द्वार आकर आपकी समस्या को जानने के लिए एवं उसके समाधान को लेकर सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया है जो बहुत ही प्रशंसनीय है।
प्रखण्ड विकास पदाधिकरी विभु विवेक ने बताया कि सखी वार्ता कार्यक्रम नाम से ही स्पष्ट है कि मित्रवत बातचीत के माध्यम से समस्या बाहर निकल कर आए और उसका समाधान हम सभी मिलकर करेंगे। आजादी के 75 वर्ष बाद भी महिला की स्थिति में सुधार के लिए हमलोग को जागरुकता अभियान चलाना पड़ रहा है। जिसके परिणामस्वरूप आज की महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। सरकार भी इसके लिए प्रयत्नशील है।