अटल जयंती पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, कुन्दर में पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण
- Post By Admin on Dec 25 2025
लखीसराय : भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जयंती के अवसर पर कुन्दर, चानन प्रखंड में पर्यावरण भारती द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संजीत कुमार यादव ने किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर जन-जागरूकता का संदेश दिया गया।
पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक एवं अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली के सदस्य श्री राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि अंधाधुंध वनों की कटाई के कारण वैश्विक स्तर पर जलवायु परिवर्तन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने इंडोनेशिया और ब्राजील में अत्यधिक वर्षा से हुई तबाही तथा हजारों लोगों की मृत्यु का उल्लेख करते हुए इसे पर्यावरण असंतुलन का परिणाम बताया।
उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध के चार वर्ष पूरे हो चुके हैं, वहीं अन्य देशों में जारी युद्ध और गृह संघर्ष भी पर्यावरण प्रदूषण को बढ़ा रहे हैं। वायु प्रदूषण की भयावह स्थिति का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि दिल्ली में AQI 400 के पार पहुंच चुका है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है और सांस लेना भी कठिन हो गया है। उन्होंने कहा कि वायु ही जीवन का मूल आधार है और वृक्षों की कटाई से प्राकृतिक ऑक्सीजन की भारी कमी हो रही है।
श्री शाण्डिल्य ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों के आसपास कम से कम 10 पेड़ अवश्य लगाएं और उन्हें पांच वर्षों तक सुरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण का यही एकमात्र प्रभावी विकल्प है। उन्होंने बताया कि पर्यावरण भारती वर्ष 2008 से निरंतर मानव कल्याण के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान चला रही है और महापुरुषों की जयंती पर पौधारोपण कर पर्यावरण संतुलन के लिए “गिलहरी प्रयास” कर रही है।
इस अवसर पर श्री शाण्डिल्य ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म 25 दिसंबर 1924 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुआ था। वे एक कुशल राजनेता, कवि, लेखक और ओजस्वी वक्ता थे। उन्होंने तीन बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में नेतृत्व किया और उनके कार्यकाल में भारत परमाणु संपन्न राष्ट्र बना। अटल जी को पद्म विभूषण और भारत रत्न से सम्मानित किया गया। उनकी जयंती को भारत सरकार ‘सुशासन दिवस’ के रूप में मनाती है।
पौधारोपण कार्यक्रम में संजीत कुमार यादव, ऋचा कुमारी, रेणु देवी, विवेक कुमार, दीपक कुमार, अक्षत राज, राम बिलास शाण्डिल्य, जय प्रकाश शर्मा, पीयूष, आशीष, मनीष, आयुष सहित अनेक पर्यावरण प्रेमियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।