जातिगत जनगणना पर पीएम मोदी को नीतीश का धन्यवाद, राजद पर साधा निशाना

  • Post By Admin on Jun 20 2025
जातिगत जनगणना पर पीएम मोदी को नीतीश का धन्यवाद, राजद पर साधा निशाना

सीवान : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के दौरान सीवान में आयोजित भव्य जनसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जातिगत जनगणना की घोषणा के लिए प्रधानमंत्री को सार्वजनिक मंच से धन्यवाद दिया। उन्होंने इसे "बड़ी बात" बताते हुए कहा कि राज्य की जनता को भी इसके लिए पीएम मोदी के प्रति आभार प्रकट करना चाहिए।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, "जातिगत जनगणना हमारे लिए हमेशा से एक महत्वपूर्ण मुद्दा रहा है। हमने पहले ही राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों से इसके पक्ष में प्रस्ताव पारित करवाए थे। अब केंद्र सरकार की घोषणा से हमारा संकल्प और मजबूत हुआ है।"

प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर बिहार को 5,900 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 28 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। नीतीश कुमार ने इस पर केंद्र की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि "मोदी सरकार की मदद से बिहार नई ऊंचाइयों को छुएगा।"

हालांकि, अपने संबोधन में नीतीश कुमार ने विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल पर बिना नाम लिए हमला बोलते हुए कहा, "जब तक हम सत्ता में नहीं आए थे, तब तक शासन-प्रशासन की कोई परवाह नहीं करता था। उस दौर में कानून-व्यवस्था की हालत ऐसी थी कि लोग घरों से निकलने में डरते थे। आज लड़के-लड़कियां और महिलाएं निर्भय होकर जीवन जी रहे हैं।"

गौरतलब है कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सियासी माहौल गर्म है। भाजपा-जदयू गठबंधन जहां सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में जुटा है, वहीं राजद, कांग्रेस और वाम दलों का महागठबंधन दावा कर रहा है कि जातिगत जनगणना की घोषणा उनके लंबे संघर्ष और दबाव का नतीजा है।

सियासी विश्लेषकों का मानना है कि जातिगत जनगणना का मुद्दा आगामी चुनाव में बड़ा फैक्टर बन सकता है, और नीतीश कुमार द्वारा पीएम मोदी को सार्वजनिक धन्यवाद देना एक रणनीतिक दांव है, जिससे विपक्षी हमलों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।