मुजफ्फरपुर नगर निगम में धन उगाही का खेला है जारी, कोलकाता पुलिस ने खोली पोल
- Post By Admin on Mar 11 2025

मुजफ्फरपुर : जिले के नगर निगम से जारी एक फर्जी डेथ सर्टिफिकेट का मामला सामने आया है, जिसे पासपोर्ट आवेदन के दौरान प्रस्तुत किया गया था। कोलकाता पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ कि मृतक मो. असलम शहजाद के नाम से जारी यह प्रमाण पत्र पूरी तरह फर्जी है। उनकी बेटी सीमा शाहिद ने अपने पिता की मृत्यु का यह दस्तावेज पासपोर्ट बनाने के लिए जमा किया था। हालांकि, जब पासपोर्ट अधिकारियों ने सर्टिफिकेट की जांच की, तो उन्हें इस पर संदेह हुआ।
आधुनिक कंप्यूटराइज्ड सिस्टम के दौर में हाथ से लिखा यह सर्टिफिकेट कोलकाता पुलिस के संदेह का कारण बना। पुलिस ने तुरंत मुजफ्फरपुर नगर निगम को इसकी छायाप्रति भेजकर प्रमाण पत्र की सत्यता की जांच करवाई, जिसमें यह प्रमाण पत्र नकली पाया गया। यह सर्टिफिकेट 8 जून 2024 को जारी बताया गया था लेकिन नगर निगम के रिकॉर्ड में इसका कोई प्रमाण नहीं मिला।
इस खुलासे के बाद नगर निगम में हड़कंप मच गया है। पहले भी नगर निगम में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्रों में फर्जीवाड़े की शिकायतें मिल चुकी हैं, जिससे नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब यह जांच की जा रही है कि यह सर्टिफिकेट किसी निगम कर्मी ने ही जारी किया या किसी सिंडिकेट के माध्यम से मोटी रकम लेकर इसे तैयार कराया गया।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि कोलकाता की निवासी सीमा शाहिद के लिए मुजफ्फरपुर नगर निगम से डेथ सर्टिफिकेट कैसे जारी हो गया? इस पूरे मामले में नगर निगम से विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी गई है और दो-तीन दिनों के भीतर इसे कोलकाता पुलिस को सौंपे जाने की संभावना है।
फिलहाल, इस मामले ने नगर निगम में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्रों को लेकर चल रहे फर्जीवाड़े की पोल खोल दी है। इससे पहले भी नगर निगम में इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन अब जब यह मामला पुलिस तक पहुंच चुका है, तो नगर निगम प्रशासन पर सख्त कार्यवाही का दबाव बढ़ गया है।