मकर संक्रांति महोत्सव का हुआ शुभारंभ, नृत्य कार्यक्रम ने लगाया चार चांद

  • Post By Admin on Jan 15 2025
मकर संक्रांति महोत्सव का हुआ शुभारंभ, नृत्य कार्यक्रम ने लगाया चार चांद

सीतामढ़ी : कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के निर्देश पर जिला प्रशासन ने मकर संक्रांति महोत्सव 2025 का आयोजन बड़े हर्ष और उल्लास के साथ किया। इस महोत्सव का प्रारंभ कमला बालिका उच्च विद्यालय के सभा कक्ष में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुआ। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी रिची पांडे, पुलिस अधीक्षक अमित रंजन, अपर समाहर्ता संदीप कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन बृज किशोर पांडे तथा अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी रिची पांडे ने मकर संक्रांति को सूर्य के मकर राशि में प्रवेश का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व नए आरंभ, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर समाज में सामूहिकता और समरसता की भावना को प्रबल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति विविधता में एकता की सच्ची भावना को प्रदर्शित करता है और जीवन में सकारात्मक बदलाव और उन्नति का प्रतीक है।

पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने अपने संबोधन में मकर संक्रांति को उल्लास और परंपराओं का संगम बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व हर समाज में अपने-अपने रीति रिवाज और तरीके से मनाया जाता है और यह भारत की विविधता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उत्सव है।

कार्यक्रम में कमला बालिका उच्च विद्यालय के संगीत शिक्षक और शिक्षिकाओं ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इनमें स्वागत गीत, सामूहिक गीत, शास्त्रीय गायन और नृत्य की प्रस्तुतियां शामिल थीं। बसंत के आगमन पर आधारित गीत और कत्थक नृत्य ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

इसके अलावा, सूचना और जनसंपर्क विभाग के नुक्कड़ नाटक टीम कृष्ण कला जत्था ने बाल विवाह पर आधारित एक बेहतरीन प्रस्तुति दी। नाटक टीम ने “बसंती बयार बहल, सरसों फुलाईल, ए हो पिया काहे बाड़ तू भुलाइल” गीत की मनमोहक प्रस्तुति भी की। जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का मंच संचालन वरीय शिक्षक श्री एसएन झा ने किया।

मकर संक्रांति महोत्सव के एक विशेष आकर्षण के रूप में डुमरा हवाई अड्डा मैदान पर मैत्रीपूर्ण पतंगबाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी रिची पांडे और पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने भी पतंग उड़ाकर महोत्सव की खुशियों में भाग लिया। इस प्रतियोगिता में उप विकास आयुक्त सहित जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी भी शामिल हुए।