बिहार राज्य फसल सहायता योजना अन्तर्गत फसल की कटनी प्रयोग का निरीक्षण
- Post By Admin on Nov 13 2024

सीतामढ़ी : बिहार राज्य फसल सहायता योजना के तहत अगहनी धान फसल की कटनी प्रयोग का निरीक्षण बीरेंद्र कुमार, उप निदेशक, अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय पटना के द्वारा सुरसंड प्रखंड के मरूकी पंचायत स्थित ग्राम मरूकी में किया गया। इस मौके पर उन्होंने फसल कटाई प्रयोग के महत्व पर प्रकाश डालाl जो उत्पादन, उपज दर और क्षति के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
फसल कटाई प्रयोग के तहत संभाविक रैंडम पद्धति से प्लॉट का चयन किया जाता है। इस प्रयोग में 10 मीटर लंबा और 5 मीटर चौड़ा (कुल 50 वर्ग मीटर) प्लॉट पर कटाई की जाती है। मरूकी पंचायत में किए गए कटनी प्रयोग में कुल 31 किलो 000 ग्राम धान की उपज प्राप्त हुईl जिससे प्रति हेक्टेयर 62 क्विंटल उत्पादन का आकलन किया गया। यह परिणाम किसानों के लिए उम्मीद जगाने वाला है, क्योंकि इससे फसल की पैदावार और कृषि क्षेत्र में संभावनाओं का पता चलता है।
इस निरीक्षण के दौरान लखी राम मुर्मु, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, अवर सांख्यिकी पदाधिकारी, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी और कृषि समन्वयक सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। बीरेंद्र कुमार ने फसल सहायता योजना की कार्यप्रणाली और कृषि क्षेत्र में इसके लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। यह निरीक्षण आगामी फसल उत्पादन योजनाओं और धान की कृषि प्रक्रिया में सुधार लाने के लिए एक अहम कदम साबित हो सकता हैl जिससे किसानों को बेहतर उत्पादन प्राप्त करने में मदद मिलेगी।