सीवान हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल
- Post By Admin on Apr 30 2026
सीवान : बिहार के सीवान में बीजेपी नेता के भांजे की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में घायल कर दिया है। बताया जा रहा है कि कार में स्क्रैच को लेकर हुए विवाद के बाद इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया था।
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान कर ली। मुख्य आरोपी की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा निवासी छोटू यादव के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही थी। इसी दौरान जब पुलिस टीम आरोपी तक पहुंची, तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें छोटू यादव के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
घायल आरोपी को पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे पटना रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी का इलाज उसी अस्पताल में चल रहा है, जहां मृतक के पिता भी भर्ती हैं।
पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है।