जिले में शुरू हुआ घर-घर कालाजार खोज अभियान, आशा करेगी रोगी की पहचान

  • Post By Admin on Nov 26 2024
जिले में शुरू हुआ घर-घर कालाजार खोज अभियान, आशा करेगी रोगी की पहचान

लखीसराय : जिले के तीन प्रमुख प्रखंडों सुरजगढ़ा, बड़हिया और लखीसराय में कालाजार खोज अभियान की शुरुआत हो गई है। इस अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर रोगियों की पहचान करेंगी और यदि किसी घर में कालाजार का मरीज पाया जाता है तो उसका इलाज नि:शुल्क किया जाएगा। जिला सिविल सर्जन डॉ. बीपी सिन्हा ने जानकारी दी कि कालाजार बीमारी लीशमैनियासिस नामक परजीवी के कारण होती है जो संक्रमित मादा फ्लेबोटोमाइन सैंडफ़्लाई के काटने से फैलता है। यह परजीवी गीले और गर्म वातावरण में अधिक सक्रिय रहता है।

वेक्टर रोग सलाहकार नरेंद्र कुमार ने बताया कि कालाजार मरीजों के लिए जिले के सभी पीएचसी में नि:शुल्क जांच सुविधा उपलब्ध है। सदर अस्पताल में समुचित इलाज की सुविधा दी जाती है और संक्रमित मरीजों को पीएचसी द्वारा सदर अस्पताल रेफर किया जाता है। मरीजों को सरकारी अस्पतालों में इलाज पर श्रम क्षतिपूर्ति के रूप में 7100 रुपये की राशि दी जाती है।

इसके अलावा पीकेडीएल मरीजों को सरकार द्वारा 4000 रुपये की श्रम क्षतिपूर्ति भी दी जाती है। अभियान के दौरान 15 दिनों से अधिक समय तक बुखार रहना, भूख की कमी, पेट का आकार बढ़ना और शरीर का काला पड़ना कालाजार के प्रमुख लक्षण हैं। इसके अलावा पीकेडीएल के लक्षणों में शरीर की त्वचा पर सफेद दाग और गांठ बनना शामिल है। आशा कार्यकर्ताओं को हर पॉजिटिव मरीज की पहचान करने पर 500 रुपये का प्रोत्साहन भी मिलेगा।