अंग महिला सम्मान समारोह में कठपुतली कला के लिए सम्मानित हुई सुमन कुमारी

  • Post By Admin on Aug 24 2025
अंग महिला सम्मान समारोह में कठपुतली कला के लिए सम्मानित हुई सुमन कुमारी

भागलपुर: जिले में आयोजित अंग महिला सम्मान समारोह में मुजफ्फरपुर की सरला श्रीवास युवा मंडल की अध्यक्ष सुमन कुमारी को कठपुतली कला के क्षेत्र में विशेष उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें रविवार को अंग जन गण, अंगिका सभा फाउंडेशन और अंग प्रदेश भागलपुर की ओर से नाथनगर परबत्ती स्थित रावतमल नोपानी छात्रावास सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया।

समारोह का आयोजन साहित्यकार उचितलाल सिंह की स्मृति में किया गया, जिसमें देशभर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मौजूद वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी प्रसून लतांत, संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर मंडल और डॉ. अमरेंद्र (अंगिका सभा फाउंडेशन) ने सुमन कुमारी को यह सम्मान प्रदान किया। सम्मान प्राप्त करने के बाद सुमन कुमारी ने कहा कि कठपुतली कला भारतीय संस्कृति और समाज का अहम हिस्सा रही है। यह न केवल मनोरंजन का साधन है बल्कि समाजिक संदेशों को सरल ढंग से लोगों तक पहुँचाने का माध्यम भी है। उन्होंने समारोह के आयोजकों और सभी शुभेच्छुओं का आभार जताया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. रतन मंडल (महामंत्री, राज्य नागरिक परिषद बिहार सरकार), डॉ. शम्भू खेतान (पूर्व अध्यक्ष, भागलपुर जिला परिषद), वरिष्ठ समाजसेवी राम गोपाल पोद्दार, प्रख्यात साहित्यकार अमरेंद्र, शिक्षाकर्मी व साहित्यकार डॉ. अंशु सिंह और वरिष्ठ पत्रकार संजय कुमार सुमन मौजूद रहे।

सुमन कुमारी को अंग महिला सम्मान से सम्मानित होने पर प्रगतिशील मानवाधिकार मानव सेवा संघ भारत के राष्ट्रीय चेयरमैन सुनील कुमार सरला, राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रौशन कुमार, पर्यावरणविद डॉ. अमित कुमार, चाइल्डसेफ इंडिया के सचिव जयचंद्र कुमार, परफेक्ट सोल्यूशन सोसाइटी के सचिव अनिल कुमार ठाकुर, संजीवनी संस्थान के सचिव नदीम खान, पीपल नीम तुलसी अभियान के संस्थापक डॉ. धर्मेंद्र कुमार समेत अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं, साहित्यकारों और बुद्धिजीवियों ने बधाई व शुभकामनाएं दी।