जिला पदाधिकारी ने किया किसान राम सागर ठाकुर के खेत में फसल कटनी निरीक्षण
- Post By Admin on Nov 16 2024

सीतामढ़ी : बिहार राज्य फसल सहायता योजना के अंतर्गत अगहनी धान की फसल की कटनी प्रयोग का निरीक्षण आज जिला पदाधिकारी मनन राम ने डूमरा प्रखंड के खैरवा पंचायत में किया। इस दौरान उन्होंने किसान राम सागर ठाकुर के खेत पर पहुँचकर कटनी प्रक्रिया का गहन निरीक्षण किया और खुद भी हँसुआ लेकर फसल की कटाई की।
फसल कटनी का यह निरीक्षण कृषि उत्पादन, उपज दर और क्षति के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है। निरीक्षण में उन्होंने यह देखा कि कटनी का प्रयोग रैंडम पद्धति से किया गया था। जिसमें 50 वर्ग मीटर का प्लॉट चयनित किया गया था। इस प्लॉट में कुल 35 किलो 200 ग्राम धान की उपज प्राप्त हुई।
जिला पदाधिकारी मनन राम ने इस मौके पर स्थानीय किसानों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। साथ ही उन्होंने किसानों से चल रही कृषि योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य मिले और उनकी आय में वृद्धि हो, इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से काम कर रहा है।
इस अवसर पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी लखी राम मुर्मु, जिला कृषि पदाधिकारी ब्रजेश कुमार, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी और कृषि समन्वयक रणकेशरी सिंह भी उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त किसान दिनकर पंडित, मनीष पंडित, शिव चंद्र यादव और अन्य स्थानीय किसान भी इस निरीक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए।
किसानों के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता सह जिला पदाधिकारी ने यह स्पष्ट किया कि कृषि योजनाओं का उद्देश्य किसानों को आर्थिक लाभ प्रदान करना है और उनके लिए सर्वोत्तम सुविधाओं की व्यवस्था करना है, ताकि वे अपने उत्पादन को अधिकतम लाभकारी तरीके से बढ़ा सकें।