जिलाधिकारी ने जनता दरबार में 105 परिवादियों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं
- Post By Admin on Dec 14 2024

सीतामढ़ी : शुक्रवार को जिलाधिकारी रिची पांडेय ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया। जिसमें 105 परिवादी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उपस्थित हुए। जिलाधिकारी ने बारी-बारी से सभी परिवादियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
जनता दरबार में अधिकांश मामलों में अतिक्रमण, भूमि विवाद, आपसी विवाद, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, विद्युत, पीएचईडी और अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें शामिल थीं। जिलाधिकारी रिची पांडेय ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इन शिकायतों के निष्पादन में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें और किसी भी प्रकार की कोताही को स्वीकार न किया जाए।
इसके अतिरिक्त लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत शुक्रवार को द्वितीय अपीलीय प्राधिकरण की सुनवाई भी की गई। कुल 13 मामलों की सुनवाई हुई। जिनमें से 5 मामलों में आदेश जारी किए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों के समस्याओं का त्वरित समाधान करना है और इसके माध्यम से सरकारी सेवाओं की पारदर्शिता और सक्षम प्रशासन सुनिश्चित करना है।