जिलाधिकारी ने जनता दरबार में 88 परिवादियों से सुनी समस्याएँ
- Post By Admin on Nov 30 2024

सीतामढ़ी : जिलाधिकारी रिची पाण्डेय ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में 88 परिवादियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बारी-बारी से सभी परिवादियों की समस्याएँ सुनीं, जो मुख्य रूप से अतिक्रमण, भूमि विवाद, आपसी विवाद, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, विद्युत, पीएचईडी और अन्य विभागों से संबंधित थीं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त जन शिकायतों के निवारण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करें और किसी भी तरह की कोताही या देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी शिकायतों का समाधान जल्द से जल्द किया जाए, ताकि लोगों को उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान मिल सके।
इस दौरान कुछ प्रमुख मामलों में परसौनी के लाल बाबू महतो न दबंगों द्वारा उनके नाले पर कब्जा करना, बैरगनिया के अब्दुल सकुर मियां जिनके जमुआ जमीन विवाद का मामला, सोनवर्षा के मुन्ना कुमार जिनकी विद्यालय से संबंधित शिकायत, बेलसंड के संजय भगत जिनकी बच्ची के डूबने से संबंधित मुआवजा, डुमरा के सतनारायण चौधरी जिनके खनन विभाग द्वारा वाहन पर जुर्माना लगाना, मेजरगंज के संजय कुमार जिनकी सड़क दुर्घटना में मृत्यु से संबंधित मुआवजा, परिहार के विरेंद्र कुमार ठाकुर जिनके बैंक ऑफ इंडिया द्वारा पेंशन खाता बंद करने का मामला, पुपरी के आशुतोष मिश्रा जिनका पारिवारिक विवाद और मेहसौल के अमन शर्मा जिनका दाखिल-खारिज से संबंधित समस्या शामिल हैं। इन परिवादियों ने अपनी शिकायतें रखीं।
इसके अलावा 18 मामले लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत द्वितीय अपीलीय प्राधिकार की सुनवाई के लिए लाए गए। जिनमें से 4 मामलों में जिलाधिकारी ने आदेश दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी रिची पाण्डेय ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे सभी मामलों की गहनता से जांच करें और सुनिश्चित करें कि परिवादियों को न्याय मिले। जनता दरबार का यह कार्यक्रम सीतामढ़ी जिले में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।