उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किया चित्र प्रदर्शनी सह जागरूकता कार्यक्रम का उद्घाटन

  • Post By Admin on Sep 24 2025
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किया चित्र प्रदर्शनी सह जागरूकता कार्यक्रम का उद्घाटन

लखीसराय : जिले के कनीराम खेतान उच्च विद्यालय मैदान में बुधवार को “विकसित भारत का अमृत काल : सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 साल” विषय पर चित्र प्रदर्शनी सह जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसका आयोजन केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के प्रादेशिक कार्यालय पटना द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने फीता काटकर किया। इसके बाद उपमुख्यमंत्री, जिलाधिकारी लखीसराय मिथिलेश मिश्र तथा अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

उपमुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकास कार्यों और गरीब कल्याण योजनाओं के जरिए विकसित भारत की मजबूत नींव रखी है। उन्होंने बताया कि अब तक 81 करोड़ लोगों को अनाज उपलब्ध कराया गया है, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ परिवारों को आवास का लाभ मिला है। प्रदर्शनी की सराहना करते हुए उन्होंने इसे आम जनता के लिए अत्यंत उपयोगी बताया और अधिक से अधिक लोगों से अवलोकन करने की अपील की।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया, “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण किया और “विकसित भारत : विकसित बिहार हस्ताक्षर अभियान” का शुभारंभ भी किया।

जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने प्रदर्शनी का भ्रमण कर इसे बिहार के विकास की गाथा का दर्पण बताया। उन्होंने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को लखीसराय से संबंधित एक कॉफी टेबल बुक भी भेंट की।

सीबीसी पटना के कार्यालय प्रमुख कुमार सौरभ ने कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र सरकार की बीते 11 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। कार्यक्रम में जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें विकसित भारत और स्वच्छता अभियान का संदेश दिया गया।

मौके पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, एसएसबी, सीआरपीएफ, स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, जीविका, डाक विभाग और लीड बैंक समेत कई विभागों के स्टॉल लगाए गए, जिनसे आम जनता को लाभान्वित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं और विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान केंद्रीय संचार ब्यूरो के अधिकारी नवल किशोर झा, ग्यास अख्तर और सुदर्शन किशोर झा भी उपस्थित रहे।

यह प्रदर्शनी 28 सितंबर तक आम जनता के लिए निःशुल्क प्रवेश के साथ खुली रहेगी।