अंतरिक्ष से धरती की ओर शुभांशु की वापसी का काउंटडाउन शुरू, सावन के पहले सोमवार को परिवार ने की विशेष शिव पूजा

  • Post By Admin on Jul 14 2025
अंतरिक्ष से धरती की ओर शुभांशु की वापसी का काउंटडाउन शुरू, सावन के पहले सोमवार को परिवार ने की विशेष शिव पूजा

लखनऊ : भारत के होनहार अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से वापसी को लेकर उनके परिवार में जश्न और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। लखनऊ स्थित उनके घर में जहां एक ओर चंद्रयान मिशन की सफलता को लेकर गर्व और उल्लास है, वहीं दूसरी ओर सावन के पहले सोमवार को पूरे परिवार ने भगवान शिव की विशेष पूजा कर शुभांशु की सकुशल वापसी की कामना की।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि शुभांशु 15 जुलाई को अंतरिक्ष से भारत लौटेंगे, और यह मिशन भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। पिता शंभु दयाल शुक्ला, मां आशा शुक्ला और बहन शुचि मिश्रा ने मिलकर शिव मंदिर में रुद्राभिषेक कर भोलेनाथ से आभार प्रकट किया और अंतरिक्ष से सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना की।

“भोलेनाथ की कृपा और देश की शक्ति का परिणाम है यह मिशन”
पिता शंभु दयाल शुक्ला ने भावुक होते हुए कहा, “सावन का पहला सोमवार हमारे लिए बेहद खास बन गया। शुभांशु ने मिशन के सभी लक्ष्य पूरे किए हैं और हम भगवान शिव के आभारी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और समर्थन के बिना यह संभव नहीं था। हम उन्हें हृदय से धन्यवाद देते हैं।”

मां आशा शुक्ला ने कहा, “घर में उत्सव का माहौल है। मैंने शिव जी से प्रार्थना की है कि मेरे बेटे की वापसी सुरक्षित हो। मिशन की सफलता भारत के हर नागरिक का गर्व है।”

शुभांशु की बहन की जुबानी : गर्व और इंतजार का मिला-जुला भाव
बहन शुचि मिश्रा ने बताया कि परिवार बहुत उत्साहित है लेकिन थोड़ा नर्वस भी है, क्योंकि यह मिशन का आखिरी और सबसे संवेदनशील चरण है। उन्होंने कहा, “स्प्लैशडाउन के बाद ही हमें पूरी राहत मिलेगी। शुभांशु मिशन की सफलता को लेकर खुश हैं, लेकिन थोड़ा भावुक भी हैं क्योंकि वे और समय अंतरिक्ष में बिताना चाहते थे।”

उन्होंने आगे कहा, “शुभांशु ने अंतरिक्ष से भारत की एकता और सुंदरता को महसूस किया। यह एक ऐसा अनुभव है जो हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है। प्रधानमंत्री मोदी के विजन और देश के 140 करोड़ नागरिकों की दुआएं इस सफलता की असली ताकत हैं।”

देश को उम्मीद, शिव की कृपा और विज्ञान की विजय
परिवार का विश्वास है कि भगवान शिव की कृपा, वैज्ञानिकों की मेहनत और देश की सामूहिक प्रार्थनाओं से शुभांशु की वापसी भी उतनी ही ऐतिहासिक होगी, जितनी उनकी उड़ान थी। देश अब एक नई उपलब्धि के साक्षी बनने को तैयार है – जब भारत का बेटा अंतरिक्ष से मां भारती की गोद में लौटेगा।