विद्यालय में छात्रों के बीच लैंगिक समानता और सम्मान के लिए जागरूकता कार्यक्रम
- Post By Admin on Sep 04 2025
लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में, संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के सहयोग से चल रहे 10 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान के तीसरे दिन उच्च विद्यालय कैंदी सिंहपुर, हलसी में जेंडर संवेदीकरण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रंजना कुमारी, हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार और वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया।
हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने लैंगिक संवेदीकरण के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि सेक्स और जेंडर दोनों का अर्थ लिंग है, लेकिन दोनों की व्याख्या अलग है। शारीरिक बनावट के आधार पर लिंग तय करना सेक्स कहलाता है, जबकि सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से लड़का और लड़की में विभेद करना जेंडर कहलाता है।
उन्होंने कहा कि जेंडर संवेदीकरण का उद्देश्य समाज में लैंगिक समानता और सम्मान को बढ़ावा देना, लिंग आधारित भेदभाव और रूढ़ियों को खत्म करना तथा सभी लिंगों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करना है। यह लैंगिक हिंसा, जैसे यौन उत्पीड़न और घरेलू हिंसा को रोकने में भी मदद करता है और स्कूलों, कार्यस्थलों और समुदायों में समावेशी वातावरण बनाने का प्रयास करता है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रंजना कुमारी ने कहा कि जेंडर संवेदीकरण समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम है। यह लोगों को एक-दूसरे के अधिकारों और गरिमा का सम्मान करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के छात्र-छात्राएं इस विषय पर पहले से जागरूक हैं, लेकिन समाज में इसे और संवेदनशील बनाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में हब के लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी, नवीन कुमार, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार, MTS नवीन्द्र दास, विद्यालय की शिक्षिकाएँ प्रियंका कुमारी, प्रीति कुमारी सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।