अमृत लक्खी महोत्सव का भव्य शुभारंभ, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किया उद्घाटन

  • Post By Admin on Sep 06 2025
अमृत लक्खी महोत्सव का भव्य शुभारंभ, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किया उद्घाटन

लखीसराय : परंपरा और आस्था के प्रतीक पर्व अमृत लक्खी महोत्सव का आज लखीसराय में भव्य आगाज हुआ। यह दो दिवसीय महोत्सव बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा सिमरिया धाम (बेगूसराय) में प्रातःकालीन गंगा स्नान के साथ प्रारंभ हुआ। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं की टोली जल भरकर बाबा इन्द्रदमनेश्वर महादेव की स्थली अशोक धाम (लखीसराय) तक पहुंची, जहां सामूहिक पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक किया गया। इस यात्रा में बेगूसराय विधायक कुंदन कुमार और विधान पार्षद सर्वेश कुमार भी शामिल हुए।

महोत्सव के दूसरे चरण में महाआरती तथा लखीसराय के के.आर.के. मैदान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध गायक-अभिनेता एवं सांसद मनोज तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि अमृत लक्खी महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अस्मिता और विरासत की वंदना है। उन्होंने कहा कि सिमरिया धाम सदियों से कल्पवास की तपस्थली रहा है और लखीसराय का सीधा संबंध माता लक्ष्मी से जुड़ा है। इसलिए इन दोनों पावन स्थलों की महिमा एक-दूसरे से अभिन्न है। अनंत चतुर्दशी का दिन समुद्र मंथन की पूर्णाहुति का प्रतीक है और इसी दिन से उत्सव और त्योहारों का चक्र आरंभ होता है।

सिन्हा ने कहा कि इस महोत्सव का महत्व आज भी उतना ही प्रासंगिक है, क्योंकि विरासत और विकास का संतुलन ही सतत प्रगति का आधार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा श्रीराम मंदिर और जानकी मंदिर के पुनर्विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह आस्था और आर्थिक विकास का सुंदर उदाहरण है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में अमृत लक्खी महोत्सव न केवल राजकीय महोत्सव बनेगा, बल्कि राष्ट्रीय धरोहर का भी अंग होगा।

अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि आज बिहार निर्णायक मोड़ पर खड़ा है। अमृत और विष, सदाचार और कदाचार, भले और बुरे के द्वंद्व को समझकर ही समाज को अराजकता और अंधेरे की ओर ले जाने वाली शक्तियों से बचाया जा सकता है। तभी बिहार की पहचान एक विकसित और गौरवशाली राज्य के रूप में स्थापित हो पाएगी।