लखीसराय : कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) के सौजन्य से इन दिनों जिले में किसानों के खेतों पर कृषि वैज्ञानिकों और प्रसार कर्मियों का भ्रमण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत कृषि वैज्ञानिक खेतों पर जाकर फसलों में लगने वाले विभिन्न रोगों के निदान और उपचार की जानकारी किसानों को दे रहे हैं।
बीते बुधवार को चानन प्रखंड के कुंदर पंचायत में कृषि विज्ञान केंद्र हलसी के कृषि वैज्ञानिक विनोद कुमार सिंह और निशांत प्रकाश ने किसानों के खेतों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने किसानों की समस्याओं को समझते हुए विभिन्न फसलों में हो रहे रोगों के उपचार के उपाय बताए। कृषि समन्वयक संदीप कुमार ने बताया कि कुंदर गांव के किसान विश्वजीत राम, विनोद राम, पंचानंद पंडित, सुशील कुमार और विशेश्वर राम के खेतों पर जाकर फसल की स्थिति का मुआयना किया गया।
मिर्च की फसल में फंगस और गलकी रोग के उपचार के लिए नीम का तेल और खल्ली के उपयोग की सलाह दी गई। जबकि सरसों की फसल में लाही रोग से बचाव के उपाय बताए गए। आलू में अगेती झुलसा रोग के निवारण के लिए दवाओं का प्रयोग सुझाया गया। वहीं टमाटर में फल छेदक रोग से बचाव के लिए उपचार की जानकारी दी गई। गेहूं की फसल में खरपतवार जैसे बथुआ, वनगेहूं, केराव और मेथा घास के निवारण के लिए उचित दवाओं का उपयोग करने की सलाह दी गई।
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को नियमित रूप से फसलों की निगरानी करने और किसी भी समस्या के लिए कृषि विशेषज्ञों से संपर्क करने का परामर्श दिया। उन्होंने बताया कि फसलों की देखभाल में सही समय पर दवाओं और जैविक उपायों का उपयोग करना जरूरी है।




















