बंगाल से आलू पर लगे रोक के बाद उत्तर प्रदेश की मंडियों से पहुंच रही आलू की बड़ी खेप 

  • Post By Admin on Dec 05 2024
बंगाल से आलू पर लगे रोक के बाद उत्तर प्रदेश की मंडियों से पहुंच रही आलू की बड़ी खेप 

रांची : उत्तर प्रदेश की कई प्रमुख मंडियों से आलू की बड़ी खेप हर दिन रांची के पंडरा कृषि बाजार समिति पहुंच रही है। जिससे बाजार में आलू की आपूर्ति में काफी सुधार हुआ है। इसके परिणामस्वरूप थोक और खुदरा बाजार में आलू की कीमतों पर नियंत्रण बना हुआ है।

उत्तर प्रदेश के आगरा मंडी से रोजाना 20 ट्रक आलू रांची पहुंच रहे हैं। जिनमें से हर ट्रक में करीब 30 टन आलू होता है। इस प्रकार रांची में हर दिन 600 टन आलू आ रहा है। इसमें से लगभग 300 टन आलू रांची शहर में खपत हो रहा है। जबकि बाकी का 300 टन आलू आसपास के जिलों जैसे खूंटी, सिमडेगा, लोहरदगा, गुमला, चक्रधरपुर, चाईबासा और जमशेदपुर में भेजा जा रहा है।

आलू की निरंतर आपूर्ति के कारण बाजार में इसकी कीमतों में स्थिरता बनी हुई है। जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिल रही है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के कानपुर, फर्रुखाबाद और अन्य स्थानों से भी आलू की खेप रांची लाया जा रहा है। जिससे बाजार में आलू की कमी नहीं हो रही है।

पंडरा कृषि बाजार समिति का कहना है कि इस समय आलू की पर्याप्त आपूर्ति से थोक और खुदरा बाजार दोनों में ही कीमतों पर नियंत्रण बनाए रखने में मदद मिल रही है। बाजार में नियमित आपूर्ति से कीमतों में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं हो रहा है। जिससे उपभोक्ताओं को भी फायदा हो रहा है।

आलू की आवक और वितरण व्यवस्था
आलू की भारी आवक के कारण रांची और आसपास के जिलों में इसकी मांग पूरी हो रही है। पंडरा कृषि बाजार समिति के अधिकारियों का कहना है कि यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी मंडियों और खुदरा दुकानों तक आलू की पर्याप्त आपूर्ति बनी रहे, ताकि किसी प्रकार की कालाबाजारी या संकट न उत्पन्न हो।

इस समय आलू की उचित आपूर्ति और नियंत्रण में कीमतों से रांची के उपभोक्ता संतुष्ट हैं और आगामी दिनों में भी इसी तरह की व्यवस्था बनाए रखने की योजना है।