जिलाधिकारी की अध्यक्षता में खेल मैदान निर्माण की प्रगति पर हुई समीक्षात्मक बैठक

  • Post By Admin on Jan 15 2025
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में खेल मैदान निर्माण की प्रगति पर हुई समीक्षात्मक बैठक

सीतामढ़ी : मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास किए गए खेल मैदानों के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करने के लिए मंगलवार को समाहरणालय स्थित विमर्श कक्ष में जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सभी प्रखंडों में बन रहे खेल मैदानों के निर्माण कार्य की स्थिति और उसमें उपयोग हो रही सामग्रियों की गुणवत्ता पर चर्चा की गई।

जिले में कुल 258 पंचायतों में से 142 पंचायतों में 163 खेल मैदानों का निर्माण किया जा रहा है। जिसमें वर्तमान में 97 खेल मैदानों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और शेष निर्माणाधीन खेल मैदानों के प्रारंभिक कार्य पूरे कर लिए गए हैं और बाकी का कार्य इस सप्ताह से शुरू किया जाएगा।

जिला पदाधिकारी ने सभी तकनीकी पदाधिकारियों और कर्मियों को यह स्पष्ट निर्देश दिए कि वे खेल मैदानों में उपयोग हो रही सामग्री की गुणवत्ता की व्यक्तिगत रूप से जांच करें, ताकि निर्माण कार्य में कोई कमी न रह जाए। सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे स्वयं निर्माणाधीन खेल मैदानों का निरीक्षण करें और निरीक्षण रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करें।

इस बैठक में उप विकास आयुक्त मनन राम, डीआरडीए निदेशक, डीपीओ मनरेगा, प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम पदाधिकारी, कनीय अभियंता और पंचायत तकनीकी सहायक भी उपस्थित थे।