खेलो इंडिया यूथ गेम्स : अपने बेहतरीन खेल से परचम लहराने के लिए तैयार हैं यशस्विनी

  • Post By Admin on Jan 30 2023
खेलो इंडिया यूथ गेम्स : अपने बेहतरीन खेल से परचम लहराने के लिए तैयार हैं यशस्विनी

इंदौर: टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) डेवलपमेंट एथलीटों की सूची में शामिल कर्नाटक की टेबल टेनिस खिलाड़ी यशस्विनी घोरपड़े अपने तीसरे खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए तैयार हैं। भारत की दिग्गज टेबल टेनिस खिलाड़ी मानिका बत्रा को अपना प्रेरणास्रोत मानने वाली यशस्विनी पर अच्छा परफॉर्मेंस करने के साथ-साथ ग्रासरूट स्तर के खिलाड़ियों को प्रेरित करने की अतिरिक्त जिम्मेदारी होगी।

बीते साल सितम्बर में पायस जैन के साथ लाओस में एशियाई जूनियर यूथ चैंपियनशिप में मिक्स्ड डबल्स गोल्ड जीतने वाली यशस्विनी जैसी खिलाड़ियों की मौजूदगी इन खेलों के महत्व को बढ़ाता है क्योंकि पहले से ही अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि हासिल कर चुके होने के कारण ये ग्रासरूट लेवल के एथलीटों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे और उन्हें कठिन प्रतिस्पर्धा देंगे।

यशस्विनी ने सबसे पहले गुवाहाटी में तीसरे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हिस्सा लिया और कांस्य पदक जीता था। पंचकूला में वह पदक नहीं जीत सकी थीं लेकिन इस बार अपने पदक का रंग बदलने के लिए वह पूरी तरह तैयार हैं। इस बार वह सिंगल्स और डबल्स (अनग्या मंजूनाथ के साथ) खेलेंगी। यशस्विनी ने कहा,- मैं इस बार पूरी तरह फोकस्ड हूं और पदक जीतने के लिए अपना बेस्ट दूंगी”। हाल ही में दिल्ली के पायस जैन के साथ यूटीटी नेशनल रैंकिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली यशस्विनी ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स को खिलाड़ियों के लिए बेहद उपयोगी बताया। यशस्विनी ने कहा,- यह बेहतरीन प्लेटफार्म है क्योंकि यहां इंटरनेशनल स्तर का इंफ्रास्ट्रक्चर मिलता है। साथ ही चूंकी यहां भारत के सबसे अच्छे खिलाड़ी खेलते हैं, लिहाजा यहां कम्पटीशन का स्तर भी काफी अच्छा होता है।

कई इंटरनेशनल इवेंट्स में हिस्सा लेते हुए पदक जीत चुकीं यशस्विनी ने कहा है कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स के बाद वह अंडर-19 से सीनियर कटेगरी में चली जाएंगी और इसी कारण उन्होंने अपने लिए कुछ गोल रखे हैं और आने वाले समय में वह उन्हें हासिल करना चाहती हैं। बेंगलुरू निवासी यशस्विनी ने कहा-मेरा मेन फोकस अपने स्किल्स और स्ट्रैंथ पर काम करना होगा। मैं इस दो एरिजाज में सुधार करते हुए सीनियर लेवल के लिए खुद को तैयार करना चाहती हूं। मैं एक खिलाड़ी के तौर पर मानिका बत्रा को पसंद करती हूं क्योंकि हम दोनों की शैली एक जैसी है। मैं उनसे एक बार मिली हूं और उनके व्यक्तित्व से काफी प्रभावित हूं।“

खेलो इंडिया यूथ गेम्स (मध्य प्रदेश) 2022 की शुरुआत 30 जनवरी से होगी। इस दिन इंदौर के अभय प्रशाल इंडोर हाल में टेबल टेनिस मुकाबले शुरू होंगे। इस बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स में 36 राज्यों एवं केंद्र शासित क्षेत्रों के 5000 के करीब एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। ये 27 खेलों में प्रतिस्पर्धा करेंगे।