इंदौर : मध्य प्रदेश के इंदौर में रोड के नाम बदलने का मामला चर्चा में है। आरोप है कि स्थानीय कांग्रेस पार्षद फातिमा रफीक खान ने नगर निगम की अनुमति के बिना ही चंदन नगर क्षेत्र की कुछ सड़कों के नाम बदल दिए और नए साइन बोर्ड लगवा दिए।

इस मामले की जानकारी मिलते ही मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने सख्त रुख अपनाया और पार्षद के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। मेयर ने स्पष्ट किया कि सड़कों और चौराहों का नामकरण तथा मूर्ति स्थापना का अधिकार केवल इंदौर नगर निगम (आईएमसी) को है। उन्होंने कहा, "वार्ड नंबर 2 से पार्षद फातिमा रफीक खान ने बिना अनुमति अपने वार्ड की गलियों और सड़कों का नामकरण किया। पहले कुछ बोर्ड हटवाए गए थे, लेकिन फिर नए बोर्ड लगाए गए। मैंने तत्काल उन बोर्डों को हटाने का निर्देश दिया और पार्षद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश भी दिए हैं।"

वार्ड नंबर 9 के पार्षद प्रतिनिधि का कहना है कि चंदन नगर की जिन सड़कों के नाम बदले गए हैं, वे दशकों से प्रचलित थे। उनका मानना है कि नए नामों का निर्णय नगर निगम की सहमति से हुआ और इस पर विवाद नहीं होना चाहिए।

जानकारी के अनुसार, चंदन नगर की चंदू वाला रोड, लोहा गेट रोड, मिश्रा रोड और आम वाला रोड के नाम बदलकर क्रमशः सकीना मंजिल रोड, रजा गेट और हुसैनी रोड कर दिए गए थे। इन नए नामों के बोर्डों पर कुछ स्थानों पर पुराने और नए दोनों नाम भी लिखे गए थे।

मेयर के आदेश के बाद नगर निगम के कर्मचारियों ने बिना अनुमति लगे सभी बोर्ड हटा दिए हैं। प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि इस मामले में अफवाहों पर ध्यान न दें और नियमों के अनुसार ही सड़क नामों की जानकारी लें।