राष्ट्रीय खेलों में रिलायंस फाउंडेशन के एथलीटों का जलवा, 43 पदकों के साथ रचा इतिहास

  • Post By Admin on Feb 14 2025
राष्ट्रीय खेलों में रिलायंस फाउंडेशन के एथलीटों का जलवा, 43 पदकों के साथ रचा इतिहास

देहरादून : राष्ट्रीय खेलों में रिलायंस फाउंडेशन के एथलीटों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए कुल 43 पदक अपने नाम किए हैं। इनमें 20 स्वर्ण, 16 रजत और 7 कांस्य पदक शामिल हैं। खासतौर पर एथलेटिक्स में फाउंडेशन के खिलाड़ियों ने जबरदस्त सफलता हासिल की और 21 पदक जीते।

100 मीटर, 200 मीटर और 4x100 मीटर रिले में शानदार प्रदर्शन करते हुए अनिमेष कुजूर ने तीन स्वर्ण पदक जीते और प्रतियोगिता के स्टार खिलाड़ी बने। वहीं, ज्योति याराजी ने 100 मीटर बाधा दौड़ और 200 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण जीतकर अपनी श्रेष्ठता कायम रखी। पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक तेजस शिरसे ने स्वर्ण पदक जीता। तेजस और ज्योति दोनों ने लगातार तीसरे राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीतने की उपलब्धि हासिल की।
  
5000 मीटर और 10000 मीटर में सावन ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि किरण म्हात्रे ने 10000 मीटर में रजत जीतते हुए 2025 की एशियाई चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया।

रिलायंस फाउंडेशन हाई परफॉरमेंस सेंटर, ओडिशा के हेड कोच मार्टिन ओवेन्स ने कहा, "हमारे एथलीटों ने राष्ट्रीय खेलों में जबरदस्त प्रदर्शन किया। अकेले एथलेटिक्स में सात व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देखने को मिले और कई नए मीट रिकॉर्ड बने। 12 स्वर्ण पदक जीतकर हमने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।"

लंबी कूद में मौमिता मंडल ने स्वर्ण और 100 मीटर बाधा दौड़ में रजत पदक जीता। टेबल टेनिस में साथियन ज्ञानसेकरन ने पुरुष युगल में स्वर्ण, पुरुष एकल में रजत और टीम स्पर्धा में कांस्य जीता। निशानेबाजी में गनीमत सेखों ने स्कीट इवेंट में स्वर्ण जीतकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। अनुभवी निशानेबाज गुरप्रीत सिंह ने 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में रजत और 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं, नीरज कुमार ने 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन में स्वर्ण पदक जीता, और पलक गुलिया ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में रजत पदक जीता। आशी चौकसे ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन के क्वालिफिकेशन राउंड में विश्व रिकॉर्ड तोड़कर सनसनी मचा दी।

बैडमिंटन में उन्नति हुड्डा ने हरियाणा की महिला टीम चैंपियनशिप जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि अनुपमा उपाध्याय ने महिला एकल में रजत पदक जीता। तीरंदाजी में गोल्डी मिश्रा ने पुरुषों की रिकर्व टीम स्पर्धा में स्वर्ण और मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। जुयेल सरकार ने पुरुषों की रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अपने अभियान का शानदार समापन किया।

पेरिस ओलंपिक के बाद जोरदार वापसी करते हुए लवलीना बोरगोहेन ने महिलाओं के 75 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर खुद को फिर से शीर्ष पर स्थापित किया।

रिलायंस फाउंडेशन के एथलीटों की इस शानदार उपलब्धि ने राष्ट्रीय खेलों में उनकी श्रेष्ठता को साबित कर दिया है। अब सभी की नजरें आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं पर हैं, जहां ये खिलाड़ी देश का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं।