मनसा देवी मंदिर हादसा : घायलों को 50 हजार व मृतकों के परिजनों को 2 लाख का मुआवजा
- Post By Admin on Jul 27 2025

हरिद्वार : उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में रविवार को भारी भीड़ के चलते मची भगदड़ में 6 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।
हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने बताया कि मंदिर मार्ग पर अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे भगदड़ मच गई और कई श्रद्धालु दबकर घायल हो गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "हरिद्वार में हुए हादसे से दुखी हूं। दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना, घायल जल्द स्वस्थ हों। प्रशासन राहत कार्य में जुटा है।"
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लिखा, "इस हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख प्रकट करते हुए मुआवजे की घोषणा की। उन्होंने कहा, "मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख तथा घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता दी जाएगी।" साथ ही मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।
घटना के बाद पुलिस, प्रशासन व एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंची और राहत व बचाव अभियान शुरू किया। घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में चल रहा है।
इस हादसे ने एक बार फिर धार्मिक स्थलों पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।