थांग-ता में सन्नी कुमार ने रचा इतिहास, तीसरी बार पदक जीतकर लखीसराय का नाम किया रोशन

  • Post By Admin on Jul 30 2025
थांग-ता में सन्नी कुमार ने रचा इतिहास, तीसरी बार पदक जीतकर लखीसराय का नाम किया रोशन

लखीसराय : जिले के विक्कम गांव निवासी और नाजरथ अकादमी मोकामा के छात्र सन्नी कुमार ने 5वीं बिहार राज्यस्तरीय थांग-ता चैंपियनशिप 2025 में 25 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। यह उनकी इस प्रतियोगिता में लगातार तीसरी पदक जीत है। इससे पहले वर्ष 2023 और 2024 में सन्नी ने गोल्ड मेडल हासिल कर जिले का मान बढ़ाया था।

सन्नी वर्तमान में कक्षा दो के छात्र हैं और इतनी कम उम्र में निरंतर राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से क्षेत्र का गौरव बढ़ा रहे हैं। वर्ष 2024 में वे झारखंड में आयोजित राष्ट्रीय थांग-ता प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं।

सन्नी की इस उपलब्धि पर उनके विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर रोज़, प्रशिक्षक दल और लखीसराय थांग-ता संघ के अध्यक्ष अरविंद कुमार भारती ने बधाई दी है। अध्यक्ष भारती ने कहा कि "सन्नी जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी जिले के लिए प्रेरणा हैं और आने वाली पीढ़ी को नई दिशा दिखा रहे हैं।"

सन्नी की सफलता पर गांव और जिले में खुशी की लहर है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर निरंतर सफलता की सीढ़ियां चढ़ते सन्नी कुमार ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती।