इंडिया-हाउस में भारतीय एथलीटों का जमावड़ा, नीता अंबानी ने किया सम्मानित
- Post By Admin on Jul 31 2024

पेरिस : पेरिस ओलंपिक की शुरुआत में ही भारत ने दो पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया है। इस उत्साहजनक शुरुआत के बाद भारतीय एथलीट बड़ी संख्या में डे ला विलेट पार्क में स्थित इंडिया हाउस पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। कांस्य पदक विजेता सरबजोत सिंह, रोहन बोपन्ना, शरत कमल, मनिका बत्रा और अर्जुन बाबूता जैसे प्रमुख भारतीय एथलीटों को यहां सम्मानित किया गया।
खिलाड़ियों से मिलते हुए, इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी की सदस्य और रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक एवं चेयरपर्सन, नीता एम अंबानी ने कहा, "ओलंपिक में पहली बार बनाए गए इंडिया हाउस में आपका स्वागत है! भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले कई भारतीय खिलाड़ी आज यहां मौजूद हैं। आप में से हर एक ने हमारे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। विशेष रूप से हमें दूसरा पदक दिलाने वाले मनु भाकर और सरबजोत सिंह को धन्यवाद। सरबजोत सिंह आज हमारे बीच हैं और हमें उनका खड़े होकर सम्मान करना चाहिए।"
इस आयोजन में भारतीय परंपरा के अनुसार ढोल की थाप के साथ खिलाड़ियों का स्वागत किया गया और उन्हें पारंपरिक भारतीय टीका लगाया गया। नीता अंबानी ने सभी खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना की और दुनिया के सबसे बड़े खेल मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए आभार व्यक्त किया। ओलंपिक आंदोलन के समर्थन में इंडिया हाउस में एक डिजिटल ज्योति भी प्रज्वलित की गई, जिससे ओलंपिक की भावना को प्रोत्साहन मिला।
यह समारोह भारत की बढ़ती ओलंपिक क्षमता और खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रयासों का प्रमाण है।