2036 ओलंपिक : भारतीय दावेदारी को पंख दे रही हैं नीता अंबानी

  • Post By Admin on Jul 31 2024
2036 ओलंपिक : भारतीय दावेदारी को पंख दे रही हैं नीता अंबानी

पेरिस : पेरिस ओलंपिक 2024 में इंडिया हाउस के उद्घाटन के अवसर पर, रिलायंस फाउंडेशन की फाउंडर चेयरपर्सन नीता अंबानी ने घोषणा की, "वह दिन दूर नहीं जब ओलंपिक भारत में होंगे। सभी भारतीयों का यह साझा सपना है।" उनकी इस घोषणा ने स्थानीय फ्रांसीसी मीडिया के साथ-साथ वैश्विक प्रेस में भी जोरदार चर्चा बटोरी। यह सर्वविदित है कि भारत के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी कॉर्पोरेट वर्ल्ड से जुड़ी हैं, लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि नीता अंबानी भारत की सॉफ्ट स्पोर्ट्स पावर का भी प्रतिनिधित्व करती हैं। वे इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी (आईओसी) की सदस्या हैं और उनकी पहल एवं वित्तीय सहायता के बल पर ही पेरिस के पोर्टे डे ला विलेट में इंडिया हाउस गर्व से खड़ा है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा के बीच, देश ने ओलंपिक की मेजबानी का सपना देखा है, लेकिन इसे साकार कैसे किया जाएगा? इसके लिए चार प्रमुख क्षेत्रों पर काम करना होगा: देश के इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास, सुरक्षा की गारंटी, अंतरराष्ट्रीय खेल संघों में भागीदारी, और खेलों के इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार। पहले दो कार्य, यानी इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास और सुरक्षा की गारंटी, सरकार के तहत आएंगे। लेकिन अंतरराष्ट्रीय खेल संघों में भागीदारी और खेलों के इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार के लिए, सरकार को कॉर्पोरेट जगत के साथ हाथ मिलाना होगा। नीता अंबानी की इस क्षेत्र में भूमिका अत्यधिक महत्वपूर्ण है।

नीता अंबानी 2016 से आईओसी की सदस्या हैं और हाल ही में उन्हें आठ वर्षों के लिए दोबारा चुना गया है। 2023 में भारत में आईओसी की बैठक 40 वर्षों के बाद मुंबई के 'जियो वर्ल्ड सेंटर' में आयोजित की गई थी, जिसे भारत लाने की जिम्मेदारी भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन, खेल मंत्रालय, और नीता अंबानी ने बखूबी निभाई। यदि भारत 2036 की ओलंपिक मेजबानी के लिए दावा पेश करता है, तो नीता अंबानी की काबिलियत इसमें सहायक सिद्ध होगी। 

नीता अंबानी के साथ पूरा कॉर्पोरेट जगत ओलंपिक को भारत में लाने के पक्ष में है। जेएसडब्ल्यू, टाटा ग्रुप, और भारत की सरकारी कंपनियां सभी खेलों को बढ़ावा देने में सक्रिय हैं। रिलायंस से जुड़ी होने के कारण, नीता अंबानी के पास कॉर्पोरेट दुनिया को भारतीय ओलंपिक सपने के पीछे खड़ा करने की ताकत है।

रिलायंस फाउंडेशन खिलाड़ियों के प्रशिक्षण पर भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। ओलंपियन ज्योति याराजी जैसे कई खिलाड़ी रिलायंस फाउंडेशन द्वारा संचालित हाई परफॉरमेंस सेंटर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। फाउंडेशन 2 करोड़ 20 लाख से अधिक युवा भारतीयों के शैक्षणिक और खेल प्रशिक्षण का समर्थन कर रहा है। नीता अंबानी कहती हैं, "हम एक मल्टी स्पोर्ट्स नेशन बन रहे हैं, हालांकि क्रिकेट अब भी एक धर्म बना हुआ है।" 

प्रधानमंत्री मोदी भी 2036 के ओलंपिक को भारत लाने की दिशा में सक्रिय प्रयास कर रहे हैं। नीता अंबानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों की बदौलत पिछले चार-पांच वर्षों में देश के बुनियादी ढांचे में काफी सुधार हुआ है। गांवों से शहरों तक पहुंचना अब आसान हो गया है और खेल सुविधाएं कई गुना बढ़ गई हैं। 

ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए नीता अंबानी पेरिस में पूरा समय उपस्थित रहेंगी। इसका सकारात्मक प्रभाव आने वाले वर्षों में देखने को मिलेगा।