लखीसराय बाजार में भारी वाहनों की नो एंट्री, दुर्गा पूजा पर प्रशासन ने जारी किया नया ट्रैफिक प्लान

  • Post By Admin on Oct 15 2026
लखीसराय बाजार में भारी वाहनों की नो एंट्री, दुर्गा पूजा पर प्रशासन ने जारी किया नया ट्रैफिक प्लान

लखीसराय : दशहरा और दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था तथा आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। लखीसराय बाइपास स्थित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर सुरक्षा कारणों से भारी वाहनों के परिचालन पर पहले से रोक है और हाइट गेज लगाकर बड़े वाहनों का आवागमन रोका गया है। वर्तमान में ये वाहन बाजार क्षेत्र से होकर गुजर रहे थे, जिससे पूजा के दौरान जाम और अव्यवस्था की आशंका थी। इसे देखते हुए जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 16 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक भारी वाहनों के परिचालन के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं और बाजार क्षेत्र में इनके प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

प्रशासन द्वारा तय किए गए रूट डायवर्जन प्लान के मुताबिक पटना से मुंगेर जाने वाले भारी वाहनों का परिचालन पूर्ववत रहेगा। वहीं, पटना और मोकामा की ओर से शेखपुरा या जमुई जाने वाले भारी वाहनों को मोकामा-बड़हिया मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा, जिससे वे शहर के बाजार में प्रवेश न कर सकें। इसी तरह मुंगेर की तरफ से शेखपुरा अथवा जमुई जाने वाले भारी वाहनों को जमुई-सिकंदरा मार्ग से निकाला जाएगा। शेखपुरा और जमुई की ओर से पटना या मुंगेर की तरफ आने वाले भारी वाहनों को भी निर्धारित वैकल्पिक रास्तों से ही भेजा जाएगा।

त्योहार के दौरान शहर में भीड़भाड़ और जाम की समस्या को नियंत्रित करने के लिए जिला दंडाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, खनिज विकास पदाधिकारी सहित यातायात पुलिस को इस आदेश का सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तय अवधि में भारी वाहन चालकों को निर्धारित रूट का ही पालन करना होगा।