हरिसभा दुर्गापूजा की कमान इस बार महिलाओं के हाथों में, 122 वर्षों में पहली बार होगा यह बदलाव

  • Post By Admin on Sep 22 2024
हरिसभा दुर्गापूजा की कमान इस बार महिलाओं के हाथों में, 122 वर्षों में पहली बार होगा यह बदलाव

मुजफ्फरपुर : जिले में इस बार दुर्गापूजा का आयोजन एक नया इतिहास रचने जा रहा है। हरिसभा दुर्गापूजा की कमान पहली बार महिलाओं के हाथों में सौंपी गई है। 122 वर्षों के इतिहास में यह पहला मौका होगा जब पूजा की सभी जिम्मेदारियों को महिलाएं निभाएंगी।

दुर्गापूजा के लिए बनी नई कमेटी में झूमा दास को अध्यक्ष चुना गया है, जबकि उपाध्यक्ष वंदना गुहा, सचिव नीला बोस और अंकेक्षक मनीषा दत्ता की महत्वपूर्ण भूमिकाएं रहेंगी। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में पियाली चटर्जी, सोनाली सिन्हा, श्रावणी बनर्जी, शुक्ला बोस, शुभ्रलेखा सिन्हा, रमा बनर्जी, शिखा मजूमदार, लीना सरकार, श्रावणी दास, संयुक्ता भट्टाचार्य और शिउली भट्टाचार्य शामिल हैं। ये महिलाएं दुर्गापूजा की समस्त व्यवस्थाओं के साथ-साथ पंडाल निर्माण, सजावट, भोग, और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जिम्मेदारी भी संभालेंगी।

इस बार के दुर्गापूजा में एक विशेष आकर्षण यह होगा कि पंडाल में देश की विदुषी महिलाओं के चित्र और उनकी जीवनी को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे श्रद्धालु न केवल पूजा का आनंद ले सकेंगे, बल्कि प्रेरणादायक महिलाओं की कहानियों से भी रूबरू हो सकेंगे।

हरिसभा में हर वर्ष की तरह इस बार भी दुर्गापूजा बांग्ला विधि-विधान से संपन्न होगी। इसके लिए पश्चिम बंगाल से ढाक वाद्य यंत्र बजाने वाले कलाकारों को बुलाया गया है और मूर्ति निर्माण के लिए भी कारीगरों ने यहां आना शुरू कर दिया है। षष्ठी से मां दुर्गा की पूजा आरंभ होगी और इसके लिए नई कमेटी लगातार बैठकों का आयोजन कर रही है ताकि इस बार का आयोजन पहले से बेहतर और विशेष हो सके।

महिलाओं द्वारा इस ऐतिहासिक पहल ने पूरे शहर में उत्साह का माहौल पैदा कर दिया है और लोग इस नई शुरुआत को लेकर बेहद उत्साहित हैं।