कुशवाहा खुद हैं भाजपा के संपर्क में, इसलिए कर रहे अनर्गल बयानबाजी : नीतीश

  • Post By Admin on Jan 25 2023
कुशवाहा खुद हैं भाजपा के संपर्क में, इसलिए कर रहे अनर्गल बयानबाजी : नीतीश

पटना: जदयू नेता उपेंद्र कुशवाहा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जो लोग भाजपा में जाना चाहते हैं वो दूसरों को लेकर तरह-तरह की बातें करते ही हैं। पटना के एएन कॉलेज में सत्येंद्र नारायण सिन्हा की प्रतिमा के अनावरण के बाद मुख्यमंत्री ने बुधवार को इशारों में कहा कि जदयू नेता उपेंद्र कुशवाहा खुद ही भाजपा के सम्पर्क में जाना चाहते हैं जिस कारण वे जदयू नेताओं को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। यदि ऐसा है तो जो लोग भाजपा के संपर्क में है उनका नाम दीजिए। पार्टी के कमजोर होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो लोग खुद भाजपा के सम्पर्क में हैं वही ऐसे बातें करते हैं।

जो कह रहे है कि जदयू कमजोर हुई है उन्हें खूब खुशी मनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी कहां कमजोर हुई है। पहले की तुलना में हमारी सदस्यता दोगुनी हो गई है। पहले बिहार में जदयू सदस्यों की संख्या 43 से 44 लाख थी। अब सदस्यों की संख्या बढ़कर 75 लाख हो गई है लेकिन कुछ लोग कुछ बोलते रहते हैं।

उल्लेखनीय है कि उपेन्द्र कुशवाहा ने बीते मंगलवार को कहा था कि नीतीश कुमार के खिलाफ जदयू में षड्यंत्र रचा जा रहा है। जदयू को कमजोर किया जा रहा है। इससे एक दिन पूर्व उन्होंने पटना एयरपोर्ट पर दिल्ली से लौटने के बाद कहा था कि जदयू के कई नेता भाजपा के सम्पर्क में हैं।