बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के पहनावे पर सख्ती, जींस-टीशर्ट पहनने पर रोक

  • Post By Admin on Oct 31 2026
बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के पहनावे पर सख्ती, जींस-टीशर्ट पहनने पर रोक

पटना : बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के पहनावे को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त निर्देश जारी किया है। अब विद्यालयों में कार्य अवधि के दौरान शिक्षक और कर्मचारी जींस-टीशर्ट जैसे अनौपचारिक कपड़े पहनकर नहीं आ सकेंगे। उन्हें औपचारिक और शालीन परिधान में विद्यालय पहुंचना होगा।

शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल की ओर से इस संबंध में सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश भेजा गया है। विभाग ने आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने को कहा है। बताया गया है कि इससे पहले भी शिक्षकों और कर्मचारियों के पहनावे को लेकर निर्देश दिए गए थे, लेकिन कई जगहों पर उनका पालन नहीं किया जा रहा था। नए निर्देश में केवल कपड़ों के चयन पर ही नहीं, बल्कि विद्यालय परिसर के अनुशासन और गतिविधियों पर भी जोर दिया गया है। विभाग ने स्कूलों में डीजे, डिस्को और अन्य अनुचित गतिविधियों के आयोजन पर आपत्ति जताई है। शिक्षा विभाग के अनुसार, इस तरह की गतिविधियां शैक्षणिक वातावरण और विद्यालय की गरिमा को प्रभावित कर सकती हैं।

हालांकि, विद्यालयों में संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई गई है। शिक्षा कैलेंडर में निर्धारित विशेष अवसरों पर नृत्य और संगीत के कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे, लेकिन इनका आयोजन अनुशासित और शालीन तरीके से करना होगा। पारंपरिक संगीत शिक्षा और वाद्य यंत्रों के इस्तेमाल को भी निर्देशों में पूरी तरह प्रतिबंधित नहीं किया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को अपने-अपने क्षेत्र में निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है। इस आदेश का उद्देश्य स्कूलों में अनुशासन, शालीनता और पढ़ाई के अनुकूल माहौल बनाए रखना बताया गया है।