बिहार सिपाही भर्ती पेपर लीक मामले में ईडी की कार्रवाई, 2.01 करोड़ की पांच संपत्तियां जब्त
- Post By Admin on Oct 31 2026
पटना : बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 2023 के प्रश्नपत्र लीक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने मामले से जुड़े आरोपी की कंपनी एनसी प्रिंट प्राइवेट लिमिटेड की 2.01 करोड़ रुपए मूल्य की पांच अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया है। यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम के तहत की गई है।
ईडी के अनुसार, यह जांच आर्थिक अपराध इकाई, पटना की ओर से दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शुरू की गई थी। जांच में सिपाही भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्रों की छपाई का ठेका हासिल करने और कथित तौर पर परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक कराने से जुड़े आरोपों की पड़ताल की गई। जांच एजेंसी के मुताबिक, कौशिक कुमार कर पर आरोप है कि उन्होंने अपनी पहले से प्रतिबंधित कंपनी ब्लेसिंग्स सिक्योर्ड प्रेस प्राइवेट लिमिटेड की भूमिका छिपाने के लिए दूसरी कंपनी के माध्यम से प्रश्नपत्र छपाई का ठेका हासिल किया। इसके लिए कैल्टेक्स मल्टीवेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है।
ईडी की जांच में सामने आया कि प्रश्नपत्रों की छपाई का काम अनुबंध की शर्तों के विपरीत दूसरी कंपनी को सौंपा गया। एजेंसी के अनुसार, इस प्रक्रिया में प्राप्त धनराशि का एक हिस्सा विभिन्न कंपनियों और संस्थाओं के माध्यम से स्थानांतरित किया गया, ताकि उसके वास्तविक स्रोत और इस्तेमाल को छिपाया जा सके। ईडी ने बताया कि कथित अपराध से प्राप्त धन की जांच के दौरान एनसी प्रिंट प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ी पांच अचल संपत्तियों की पहचान की गई। इनकी अनुमानित कीमत 2.01 करोड़ रुपए आंकी गई है। फिलहाल इन्हें अस्थायी रूप से जब्त किया गया है। एजेंसी इस मामले में अन्य आरोपियों और संबंधित संस्थाओं की भूमिका की भी जांच कर रही है। सिपाही भर्ती परीक्षा प्रश्नपत्र लीक प्रकरण में यह कार्रवाई जांच को आगे बढ़ाने और कथित अवैध कमाई से जुड़ी संपत्तियों का पता लगाने के क्रम में की गई है।