वैशाली में आयोजित होगा तेजस्वी प्रसाद यादव का कार्यकर्ता संवाद यात्रा
- Post By Admin on Feb 01 2025

हाजीपुर : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश महासचिव शशि सिंह यादव ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी दी कि माननीय तेजस्वी प्रसाद यादव का कार्यकर्ता दर्शनसह संवाद कार्यक्रम 1 फरवरी को हाजीपुर स्थित फन प्वाइंट होटल में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में तेजस्वी प्रसाद यादव जी जिला वैशाली के पंचायत, प्रखंड, जिला, प्रदेश स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं से प्रत्यक्ष संवाद करेंगे और आगामी 2025 विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की नीति, रणनीति और जीत के फार्मूला पर चर्चा करेंगे।
प्रदेश महासचिव ने कहा कि बिहार में इस समय परिवर्तन की लहर है और युवाओं, किसानों, बेरोजगारों, महिलाओं, श्रमिकों, दलितों, महादलितों, पिछड़े वर्गों और अल्पसंख्यकों ने यह संकल्प लिया है कि 2025 में तेजस्वी प्रसाद यादव को मुख्यमंत्री बनाना है। उन्होंने बिहार के नागरिकों से अपील की कि वे तेजस्वी जी को भारी बहुमत से विधानसभा चुनाव में जीताकर मुख्यमंत्री बनाए। शशि सिंह यादव ने यह भी कहा कि जब तेजस्वी मुख्यमंत्री बनेंगे, तो महिलाओं को ₹2500 प्रति महीना, 200 यूनिट बिजली फ्री, युवाओं को नौकरी और रोजगार, विकलांगों, बुजुर्गों और विधवाओं को पेंशन बढ़ाकर ₹1500 की जाएगी। इसके अलावा, बिहार में औद्योगिक क्रांति का विकास होगा और राज्य को विकसित बिहार बनाया जाएगा।
हालांकि, कार्यक्रम के दौरान जिला वैशाली के राजद कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रखंड और जिला अध्यक्ष की मनमानी कार्यप्रणाली के कारण सैकड़ों समर्पित पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रवेश परिचय पत्र नहीं दिया गया। आरोपियों का कहना है कि जिला अध्यक्ष, जिनके बूथ से पार्टी को हार हुई है उन्हें प्रवेश परिचय पत्र वितरित कर रहे हैं, जबकि समर्पित कार्यकर्ताओं को हमेशा अपमानित किया जाता है। इस मनमानी कार्यप्रणाली पर उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है, अन्यथा आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को बड़ी हानि हो सकती है।
आरोप लगाने वालों में राजद के समर्पित नेता सुधीर सहनी, दीपक सहनी, अभिनंदन दास, विजय पंडित, उमेश महतो, विकास चंद्रवंशी, हरिओम राम, पूर्व मुखिया नेमुराय, पूर्व समिति महेश कुमार, सरपंच पति रंजन कुमार यादव और छात्र राजद नेता मनी कुमार सहित अन्य कई कार्यकर्ता शामिल हैं। इन नेताओं ने जिला अध्यक्ष की कार्यप्रणाली को पार्टी विरोधी और कार्यकर्ता विरोधी बताया है और बड़ी कार्रवाई की अपील की है।