स्काउट गाइड मैदान से कलेक्ट्रेट तक पदयात्रा, बांकीपुर उपचुनाव के लिए प्रशांत किशोर ने भरा नामांकन

  • Post By Admin on Jul 13 2026
स्काउट गाइड मैदान से कलेक्ट्रेट तक पदयात्रा, बांकीपुर उपचुनाव के लिए प्रशांत किशोर ने भरा नामांकन

पटना: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने सोमवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले उन्होंने स्काउट एवं गाइड मैदान से कलेक्ट्रेट तक विशाल पदयात्रा निकाली, जिसमें जन सुराज के कार्यकर्ताओं, समर्थकों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। पूरे मार्ग में समर्थकों ने "लड़ेंगे बांकीपुर, जीतेंगे बांकीपुर" के नारे लगाए और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।

पदयात्रा स्काउट एवं गाइड मैदान से शुरू होकर कोतवाली थाना, डाकबंगला चौराहा, एस.पी. वर्मा रोड, जेपी गोलंबर और गांधी मैदान होते हुए समाहरणालय पहुंची, जहां प्रशांत किशोर ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि यह केवल उनका व्यक्तिगत नामांकन नहीं, बल्कि बिहार के बदलते भविष्य का नामांकन है। उन्होंने कहा कि यह बेहतर बिहार की दिशा में एक नई शुरुआत है और राज्य की राजनीति में जवाबदेही तथा परिवर्तन की लड़ाई का आगाज है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर किसी दल या नेता का गढ़ नहीं, बल्कि जनता का गढ़ है। उन्होंने कहा कि यह फैसला जनता को करना है कि विधानसभा क्षेत्र का नेतृत्व किसके हाथ में होगा। उनके अनुसार यह उपचुनाव केवल एक विधायक चुनने तक सीमित नहीं है, बल्कि बिहार में नेतृत्व परिवर्तन, जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का अवसर भी है। उन्होंने दावा किया कि यह चुनाव बिहार की राजनीति में नई दिशा तय करने वाला साबित होगा और जनता अपने मताधिकार के माध्यम से प्रदेश की भावी राजनीति का रास्ता निर्धारित करेगी।