लखीसराय पहुंचे पीके, बोले—जाति-धर्म और डर की राजनीति छोड़कर बदलाव के लिए करें मतदान
- Post By Admin on Oct 16 2026
लखीसराय : जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के सिलसिले में लखीसराय के शिवाय गार्डन में आयोजित स्नातक संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जन सुराज समर्थित प्रत्याशी डॉ. रजनीश रंजन के पक्ष में पढ़े-लिखे मतदाताओं से वोट करने की अपील करते हुए राज्य सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा।
संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि स्नातक एमएलसी का यह चुनाव सरकार बनाने या गिराने का नहीं, बल्कि सत्ता को जवाबदेह बनाने का जरिया है। उन्होंने कहा कि जो सरकार जीतने के बाद शिक्षकों की वाजिब मांगों और बाढ़ पीड़ितों के दर्द को भूल चुकी है तथा अपराध व भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में विफल रही है, उसे सबक सिखाने का यह सही अवसर है। उन्होंने घोषणा की कि कोसी क्षेत्र से डॉ. रजनीश रंजन के जीतने पर क्षेत्र के 10 हजार पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार निजी क्षेत्र में नौकरी दिलाना उनकी व्यक्तिगत गारंटी है।
शिक्षकों के 7वें वेतनमान के मुद्दे पर प्रशांत किशोर ने कहा कि राज्य के छह लाख शिक्षकों को एकजुट होकर अपनी आवाज उठानी होगी। अगर शिक्षक एकजुट हो जाएं, तो बिहार के सभी राजनीतिक दलों को इस समस्या का हर हाल में समाधान निकालना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले 7वां वेतनमान इसलिए जरूरी है क्योंकि दिल्ली की सत्ता का रास्ता बिहार से होकर गुजरता है और लाखों शिक्षकों के समर्थन के बिना कोई जीत नहीं सकता। उन्होंने संकल्प दोहराया कि यदि जन सुराज लोकसभा चुनाव से पहले शिक्षकों को सातवां वेतनमान दिलाने में सफल नहीं रही, तो वे आगे वोट मांगने नहीं आएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले बीस वर्षों से सत्ता में काबिज एनडीए सरकार शिक्षकों की इस मांग को टालती आ रही है।
प्रशांत किशोर ने मतदाताओं से जाति, धर्म और लालू-भाजपा के डर की राजनीति से ऊपर उठकर बदलाव के लिए मतदान करने का आह्वान किया। इस अवसर पर जन सुराज के वरिष्ठ नेता सुभाष कुशवाहा, जिलाध्यक्ष महेश यादव, चुनाव प्रभारी सूरज कुमार, शिवदानी शर्मा, महिला अध्यक्ष माधुरी देवी, महामंत्री अमित कुमार, किसान अध्यक्ष नवीन कुमार, युवा अध्यक्ष अनुराग कुमार, प्रफुल कुमार तथा लव आनंद सहित बड़ी संख्या में स्नातक मतदाता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।