प्रशांत किशोर ने मुख्य सचिव से की मुलाकात, पटना की बुनियादी समस्याओं पर हुई चर्चा

  • Post By Admin on Aug 27 2026
प्रशांत किशोर ने मुख्य सचिव से की मुलाकात, पटना की बुनियादी समस्याओं पर हुई चर्चा

पटना: जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने मुख्य सचिव से मुलाकात कर पटना और बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की। मुलाकात को उन्होंने डीजीपी के साथ हुई पिछली बैठक का फॉलोअप बताया।

प्रशांत किशोर के अनुसार, बैठक में पटना के राशन कार्डधारकों को मिलने वाले अनाज से जुड़ी समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। उन्होंने राशन कार्डधारकों को निर्धारित 5 किलो अनाज उपलब्ध कराने की मांग रखी। मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों के साथ जल्द बैठक कर राशन वितरण से जुड़ी समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।

बैठक में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत पटना की नाली, गली, स्ट्रीट लाइट, वेंडिंग जोन और ड्रेनेज जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। प्रशांत किशोर ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम के साथ मिलकर काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पटना के शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और आम लोगों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने पर बातचीत हुई। मुख्य सचिव की ओर से संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया गया। प्रशांत किशोर ने मुलाकात को सकारात्मक बताते हुए कहा कि यह बैठक समस्याओं के समाधान की दिशा में आगे की कार्रवाई के लिए महत्वपूर्ण है।