बांकीपुर में पीके की सीधी चुनौती, क्या भाजपा का 31 साल पुराना किला हिलेगा ?
- Post By Admin on Jul 05 2026
पटना: जन सुराज पार्टी ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए बड़ा राजनीतिक दांव खेलते हुए अपने संस्थापक प्रशांत किशोर को आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया है। रविवार को पटना स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने बताया कि पार्टी की कोर कमेटी ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया है। इस घोषणा के साथ ही बिहार की राजनीति में बांकीपुर उपचुनाव को लेकर हलचल और तेज हो गई है।
उम्मीदवारी की घोषणा के बाद प्रशांत किशोर ने पार्टी नेतृत्व, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि जन सुराज पिछले चार वर्षों से उनके जीवन का सबसे बड़ा संकल्प है और आने वाले वर्षों तक बिहार में व्यवस्था परिवर्तन के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बांकीपुर से चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी को वह एक बड़ी राजनीतिक जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार कर रहे हैं और पूरी ईमानदारी से जनता के बीच जाएंगे। प्रशांत किशोर ने कहा कि नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव के बाद जन सुराज से जुड़े लाखों समर्थकों में कुछ निराशा जरूर थी, लेकिन बांकीपुर उपचुनाव उस विश्वास को फिर से मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि यदि इस चुनाव में जन सुराज को जनता का समर्थन मिलता है तो यह केवल एक सीट की जीत नहीं होगी, बल्कि बिहार में बदलाव की राजनीति को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने बांकीपुर के मतदाताओं से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो वे उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के छह महीने के कार्यकाल पर जनमत संग्रह करार दिया। उन्होंने कहा कि इस चुनाव के नतीजे से यह स्पष्ट होगा कि बिहार की जनता वर्तमान सरकार की नीतियों, कार्यशैली और नेतृत्व से कितनी संतुष्ट है। उनका कहना था कि यदि भाजपा इस सीट पर जीत दर्ज करती है तो इसे सरकार की नीतियों पर जनता की स्वीकृति माना जाएगा, जबकि हार की स्थिति में सरकार को जनता का स्पष्ट संदेश समझना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे जनता द्वारा सीधे मुख्यमंत्री के रूप में निर्वाचित नहीं हुए हैं। प्रशांत किशोर ने दावा किया कि बिहार का एक बड़ा वर्ग वर्तमान नेतृत्व से संतुष्ट नहीं है और अब बदलाव चाहता है। उनके अनुसार, बांकीपुर जैसी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सीट पर जनता का फैसला पूरे राज्य की राजनीति की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए जन सुराज पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति में एक सकारात्मक और जवाबदेह विकल्प प्रस्तुत करना है। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि यदि वे बिहार की राजनीति की दिशा बदलना चाहते हैं तो बांकीपुर से जन सुराज को मजबूत जनादेश दें।इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता रामबली चंद्रवंशी, मनोज भारती, किशोर कुमार मुन्ना, केसी सिन्हा, एमएलसी आफाक अहमद, कुमार सौरव, सुभाष कुशवाहा, सरवर अली, इंदू सिन्हा, ओबैदुर रहमान, जेपी सिंह, राकेश पटेल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।